Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

भारत के दो दिवसीय दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे जर्मनी के चांसलर, प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे मुलाकात

अहमदाबाद, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भारत के दो दिवसीय दौरे पर अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। इस दौरे के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात होने की उम्मीद है। इस मुलाकात में 52,500 करोड़ रुपये की पनडुब्बी डील पर अंतिम मोहर लगने की संभावना है।
दोनों नेताओं के बीच होने वाली बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा, अत्याधुनिक तकनीक के साथ-साथ भारत के लिए महत्वपूर्ण पनडुब्बी सौदे पर चर्चा की जाएगी। चांसलर मर्ज का ये दौरा वैश्विक राजनीतिक अस्थिरता के बीच हो रहा है, और भारत तथा जर्मनी दोनों देश रक्षा सहयोग को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए इच्छुक हैं। चांसलर बनने के बाद यह मर्ज का एशिया का पहला दौरा है, जिसे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस दौरे का मुख्य एजेंडा भारतीय नौसेना के लिए छह अत्याधुनिक पनडुब्बियों की खरीद का प्रस्ताव है, जो लगभग 52,500 करोड़ रुपये का होगा। इस सौदे के अंतर्गत जर्मनी की प्रमुख रक्षा कंपनी थिसेनक्रुप मरीन सिस्टम्स और भारत की माझगाव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के बीच सहयोग की संभावना है। यह करार भारत की समुद्री शक्ति को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अहमदाबाद में प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक के अतिरिक्त, चांसलर मर्ज साबरमती आश्रम का दौरा भी करेंगे। वह पतंग महोत्सव और एक कौशल विकास कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *