नई दिल्ली, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। दिल्ली से विजयवाड़ा की ओर जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को चिकित्सा आपात स्थिति के चलते सोमवार सुबह जयपुर में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, उड़ान संख्या एआई 2517 में एक बुजुर्ग यात्री की तबीयत बिगड़ गई, जिसके कारण विमान को जयपुर में डायवर्ट किया गया। बताया गया है कि यात्री को तुरंत विमान से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। इस उड़ान में कुल यात्रियों की संख्या के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई है। ‘फ्लाइटराडार24.कॉम’ के अनुसार, यह उड़ान ए320 विमान द्वारा संचालित की गई थी।
