फिरोजाबाद, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के नारखी क्षेत्र में 11 जनवरी को एक ट्यूबवेल की कोठरी से सिर कटा युवक का शव बरामद हुआ। इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि युवक की हत्या उसके पत्नी और मुख्य आरोपी के प्रेम संबंधों में बाधा बनने के कारण हुई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि गांव जाखई में 11 जनवरी को एक युवक का सिर कटा शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान एटा निवासी सौरभ (26) के रूप में हुई। मृतक पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ लक्ष्मी नगर में रह रहा था और उसकी ससुराल जाखई गांव में थी। उसके भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें जुट गईं। इस क्रम में थानाध्यक्ष नारखी, पचोखरा और एसओजी ने सूचना के आधार पर जाखई गांव के निवासी सूरज और सलमान को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी सूरज को पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से छूरी, मृतक का मोबाइल, मोटरसाइकिल, दो तमंचे और कारतूस भी बरामद किए। अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतक का सिर भी बोरबेल से बरामद किया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी सूरज ने अपनी प्रेमिका के पति सौरभ की हत्या की बात स्वीकार की, जबकि पुलिस ने हत्यारोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
