Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

युवा उद्यमी योजना’ से बदली पूजा की किस्मत, देवी-देवताओं की पोशाकों से संवारा अपना भविष्य

फिरोजाबाद, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ योजना आज प्रदेश के लाखों युवाओं के सपनों को साकार कर रही है। इसी सिरे पर फिरोजाबाद जिले के रामकृष्ण नगर की निवासी पूजा अग्रवाल ने स्वरोजगार की एक नई मिसाल स्थापित की है। पूजा के मन में हमेशा से स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का सपना था, किंतु संसाधनों और पूंजी की कमी उनके रास्ते में बाधा बन रही थी। राज्य की योगी सरकार की युवा उद्यमी योजना ने उनकी इस बाधा को मिटा दिया। पूजा ने इस योजना के तहत आवेदन किया और विभागीय सहायता के साथ बैंक से अगस्त 2025 में 5 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया। इस आर्थिक सहायता ने उनके सपनों को साकार करने का आधार दिया।

ऋण राशि की प्राप्ति के साथ ही पूजा ने “मां कैला देवी पोशाक केंद्र” की स्थापना की। उन्होंने लड्डू गोपाल एवं विभिन्न देवी-देवताओं के सुंदर एवं आकर्षक पोशाक बनाने के अपने हुनर को एक व्यवसायिक रूप में ढाला। अपनी मेहनत और सृजनात्मकता के बल पर आज उनकी बनाई पोशाकों की मांग स्थानीय बाजारों में तेजी से बढ़ रही है। अब उनकी बनाई पोशाकें फिरोजाबाद, आगरा, शिकोहाबाद और करौली (राजस्थान) के बाजारों और प्रसिद्ध मंदिरों में भेजी जा रहीं हैं।

पूजा ने बताया कि पहले वह घर की चारदीवारी तक सीमित थीं, लेकिन अब एक सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। इस व्यवसाय के जरिए वह हर माह 12 से 15 हजार रुपये की आमदनी कर रहीं हैं, जिससे वह न केवल आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनी हैं, बल्कि अपने परिवार का भरण-पोषण भी कर रही हैं।

युवा उद्यमी योजना की लाभार्थी पूजा अग्रवाल ने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिल से धन्यवाद देती हैं। उनकी योजना के तहत उन्हें बिना किसी बड़ी परेशानी के 5 लाख का लोन मिला। आज वह अपने घर से सम्मानपूर्वक काम कर रही हैं और अच्छी कमाई कर रही हैं। उनका मानना है कि यह योजना उन महिलाओं के लिए एक वरदान है जो अपने पैरों पर खड़े होना चाहती हैं।

उपायुक्त उद्योग संध्या ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। पूजा अग्रवाल ने इस योजना का लाभ उठाकर न केवल अपनी पहचान स्थापित की है, बल्कि वह अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा भी बन गई हैं। हमारा विभाग लगातार प्रयासरत है कि जिले का प्रत्येक योग्य युवा इस योजना से जुड़े और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में योगदान दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *