Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

अलीपुरद्वार में अवैध शराब के अड्डे पर विवाद, युवक की हत्या

अलीपुरद्वार, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। किराना दुकान की आड़ में चल रहे अवैध शराब के अड्डे में हुए विवाद के चलते एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार रात अलीपुरद्वार-1 ब्लॉक के पूर्व कठलबाड़ी ग्राम पंचायत अंतर्गत पश्चिम काठलबाड़ी गांव में हुई। मृतक की पहचान संजय तालुकदार (30) के रूप में की गई है, जबकि उनके पिता सुभाष तालुकदार भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पश्चिम कठलबाड़ी गांव के श्मशान मंदिर मोड़ पर बिमान बर्मन की एक किराना दुकान है, जहां लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा था। रविवार रात संजय तालुकदार वहां पहुंचे, जिसके बाद दुकान मालिक और उसके परिवार के सदस्यों के साथ विवाद शुरू हो गया।
कुछ लोगों का कहना है कि विवाद शराब के पैसे को लेकर हुआ, जबकि अन्य का दावा कर रहे हैं कि संजय ने अवैध शराब के कारोबार का विरोध किया। इसी विवाद के दौरान संजय ने धारदार हथियार निकाल लिया, जिसके बाद बिमान बर्मन, उसके भाई बिप्लब बर्मन और पिता परेश बर्मन ने उसी हथियार से संजय पर हमला कर दिया।
संजय को बचाने आए सुभाष तालुकदार पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर सोनापुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पांचकोलगुड़ी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संजय तालुकदार को मृत घोषित कर दिया। सुभाष तालुकदार की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीपुरद्वार जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद से तीनों आरोपित बिमान बर्मन, उसका भाई और पिता फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के परिवार ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है, हालांकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि संजय की छवि बहुत अच्छी नहीं थी। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *