Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

लापता अंश–अंशिका के परिजनों से मिलीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

रांची, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। राजधानी रांची के धुर्वा क्षेत्र से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका के मामले में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मंत्री ने बच्चों के माता-पिता से विस्तार से बातचीत की और उन्हें गंभीरता से सुना। इस दौरान बच्चों की मां की भावुकता उभर आई, जिन्होंने अपने दोनों बच्चों की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई। केंद्रीय मंत्री ने उन्हें हरसम्भव सहायता का आश्वासन दिया।

अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा से फोन पर भी बातचीत की और परिवार की चिंताओं को उनके समक्ष रखा, ताकि मामले में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने सक्रियता दिखाई होती, तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। उन्होंने कहा कि लापरवाही को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

इस अवसर पर अन्नपूर्णा देवी ने यह भी प्रश्न उठाया कि जिस स्थान से बच्चे लापता हुए, वहां से केवल कुछ किलोमीटर की दूरी पर राज्य का पुलिस मुख्यालय है, बावजूद इसके इस गंभीर घटना का समय रहते संज्ञान न लिया जाना, राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न उठाता है।

इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए बच्चों की सुरक्षित वापसी की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *