Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

प्रवासी भारतीय दिवस: वैश्विक भारतीय चेतना और राष्ट्र निर्माण की निरंतर यात्रा

शहर, 09 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)।
लेखक: LN Star News

हर वर्ष 9 जनवरी को मनाया जाने वाला प्रवासी भारतीय दिवस भारत और विश्वभर में बसे भारतीय समुदाय के बीच भावनात्मक, सांस्कृतिक और विकासात्मक रिश्तों को मजबूत करने का प्रतीक है। स्वाधीनता के अमृत महोत्सव के समय इस दिवस की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है, क्योंकि यह हमें भारत के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े एक ऐतिहासिक क्षण की याद दिलाता है।

9 जनवरी 1915 को महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे। उनका यह लौटना प्रवासी भारतीयों के अधिकारों, संघर्षों और आत्मसम्मान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम था। इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को आधार बनाकर प्रवासी भारतीय दिवस की अवधारणा विकसित की गई।

पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी ने की थी शुरूआत। प्रवासी भारतीय दिवस की शुरुआत वर्ष 2003 में तत्कालीन प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुई थी। इसका उद्देश्य विदेशों में रह रहे भारतीयों के योगदान को पहचान देना और उन्हें भारत की विकास प्रक्रिया से जोड़ना था। उस समय यह एक नई सोच थी कि भारत अपने प्रवासी समुदाय को केवल भावनात्मक रिश्तों तक सीमित न रखकर, उन्हें आर्थिक, सामाजिक और बौद्धिक साझेदार के रूप में देखे। समय के साथ यह सोच और अधिक सशक्त होती गई और प्रवासी भारतीय दिवस एक ऐसे मंच के रूप में स्थापित हुआ, जहाँ नीति, निवेश, संस्कृति, शिक्षा और तकनीक जैसे विषयों पर सार्थक संवाद होने लगा।

भारत में प्रवासी भारतीयों का है महत्वपूर्ण योगदान। वर्ष 2015 से प्रवासी भारतीय दिवस के मुख्य सम्मेलन को द्विवार्षिक स्वरूप दिया गया। इसका उद्देश्य यह था कि इन सम्मेलनों से निकलने वाले विचार और पहलें केवल चर्चा तक सीमित न रहें, बल्कि उनके क्रियान्वयन के लिए पर्याप्त समय और अवसर मिल सके। इसी क्रम में वर्ष 2025 में 18वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन की थीम विकसित भारत में प्रवासी भारतीयों का योगदान रखी गई थी, जो यह दर्शाती है कि भारत अपनी दीर्घकालिक विकास दृष्टि में प्रवासी समुदाय को कितनी महत्वपूर्ण भूमिका देता है।

वर्ष 2026 को प्रवासी भारतीय दिवस के संदर्भ में नॉन कन्वेंशन वर्ष घोषित किया गया है। इसके बावजूद प्रवासी भारतीय दिवस की भावना और सक्रियता में कोई कमी नहीं आई है। दुनिया भर में भारतीय दूतावासों और मिशनों द्वारा स्थानीय स्तर पर विविध कार्यक्रम, संवाद सत्र और सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे हैं। ये कार्यक्रम इस बात का प्रमाण हैं कि प्रवासी भारतीय दिवस केवल एक बड़े सम्मेलन तक सीमित नहीं है, यह एक सतत प्रक्रिया है। अगला मुख्य सम्मेलन वर्ष 2027 में प्रस्तावित है।

पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रवासी भारतीय दिवस ने नई पहचान और नई दिशा प्राप्त की है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए ही प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद और सहयोग को प्राथमिकता दी थी। पीएम बनने के बाद यह दृष्टिकोण और व्यापक हो गया। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को केवल विदेशों में बसे नागरिकों के रूप में न देखते हुए, राष्ट्र निर्माण के सक्रिय भागीदार के रूप में देखा।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं एक्स पर लिखा है, “प्रवासी भारतीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। भारतीय डायस्पोरा भारत और दुनिया के बीच एक मजबूत पुल बना हुआ है। वे जहाँ भी गए, उन्होंने वहाँ के समाजों को समृद्ध किया और साथ ही अपनी जड़ों से भी जुड़े रहें। हमारी सरकार ने हमारे डायस्पोरा को भारत के और करीब लाने के लिए कई कदम उठाए हैं।”

आज दुनिया भर में लगभग तीन करोड़ भारतीय मूल के लोग विभिन्न देशों में रहते हैं। वे वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, उद्यमी, शिक्षक, कलाकार और नीति निर्माता के रूप में वैश्विक समाज में अपनी पहचान बना चुके हैं। प्रवासी भारतीय दिवस उन्हें यह एहसास कराता है कि उनकी जड़ें भारत में हैं और भारत उनकी उपलब्धियों पर गर्व करता है।

शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल तकनीक, हरित ऊर्जा और सामाजिक नवाचार जैसे क्षेत्रों में प्रवासी भारतीयों का अनुभव और विशेषज्ञता भारत के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकती है। प्रवासी भारतीय दिवस इसी संभावित सहयोग को दिशा देने का कार्य करता है। यह मंच संवाद, साझेदारी और विश्वास को मजबूत करता है, जिससे भारत और उसका प्रवासी समुदाय एक साझा भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

अंततः, प्रवासी भारतीय दिवस अतीत, वर्तमान और भविष्य को जोड़ने वाला एक सशक्त सेतु है। महात्मा गांधी की ऐतिहासिक वापसी से प्रेरित यह दिवस आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक भारतीय समुदाय को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। यह दिवस हमें यह याद दिलाता है कि भारत की शक्ति उसकी भौगोलिक सीमाओं में होने के साथ ही विश्वभर में फैले उन भारतीयों में भी निहित है। यही प्रवासी भारतीय दिवस की वास्तविक अंतर्निहित चेतना और स्थायी प्रासंगिकता है।

—————

/ डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *