लोक लेखा समितियों में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए तकनीक का उपयोग जरूरी : ओम बिरला
तिरुवनंतपुरम, 04 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने केरलम विधानसभा में कहा कि जनता के एक-एक रुपये का उपयोग पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से जनहित में होना चाहिए। इसके लिए संसद और राज्य विधानमंडलों की लोक लेखा समितियों को तकनीक के इस्तेमाल से अधिक प्रभावी बनाना होगा। उन्होंने कहा कि ऑडिट रिपोर्ट और ऑडिट आपत्तियां सामने आने के बाद भी कई मामलों का लंबे समय तक निस्तारण नहीं हो पाता। इस प्रक्रिया में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
बिरला ने विधानसभा में संसद और राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं की लोक लेखा समितियों के सभापतियों के दो दिवसीय सम्मेलन के बुधवार को समापन समारोह में कहा कि सम्मेलन में सभी के सहयोग से साझा संकल्प प्रस्ताव पारित किया गया है। यह आने वाले समय में संसद और राज्य विधानमंडलों की लोक लेखा समितियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।...
