मुंबई। कॉमेडी जगत का बड़ा नाम बन चुके सुनील ग्रोवर आज लाखों लोगों को हंसाते हैं, लेकिन उनकी इस चमकदार सफर के पीछे एक बेहद मुश्किल दौर छिपा था। 2013 में कॉमेडी नाइट्स विद कपिल जॉइन करने के बाद सुनील घर-घर में पहचाने जाने लगे, लेकिन उससे ठीक पहले उनकी जिंदगी बेहद मुश्किल थी। हाल ही में एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस उपासना सिंह ने बताया कि शो शुरू होने से ठीक पहले सुनील डिप्रेशन से जूझ रहे थे और अस्पताल में भर्ती थे।
डिप्रेशन में थे सुनील ग्रोवर
उपासना सिंह ने बातचीत में बताया कि सुनील का करियर उस समय ठहर-सा गया था और काम की कमी ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था। उपासना ने कहा, “जब कपिल का शो शुरू हुआ, तब सुनील ठीक नहीं थे। उन्होंने बताया कि वो डिप्रेशन के चलते अस्पताल में भर्ती थे और उनके पास उस समय ज्यादा काम भी नहीं था।” उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआती दिनों में क्रिएटिव टीम को लगा था कि सुनील बाकी कलाकारों के साथ तालमेल नहीं बिठा पाएंगे, उन्हें शो से निकालने पर विचार किया गया था, लेकिन उपासना ने उनके टैलेंट पर भरोसा जताते हुए उन्हें शो में बनाए रखने की अपील की।
रेडियो स्टार से टीवी आइकन तक का सफर
शो से पहले सुनील अपने रेडियो सेगमेंट ‘हंसी के फव्वारे’ से पॉपुलर थे, जिसने उन्हें कॉमिक टाइमिंग और किरदारों की समझ दी। कपिल शर्मा और उपासना के घर पर पहली मुलाकात के दौरान भी वह इतने लो-फेज में थे कि उपासना उन्हें पहचान नहीं पाईं। लेकिन शो शुरू होते ही सुनील ने अपने किरदारों से इतिहास रच दिया और आज वह इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कॉमेडी एक्टर्स में से एक हैं। सुनील ग्रोवर को हाल में नेटफ्लिक्स पर द कपिल शर्मा शो पर देखा गया था। तीसरा सीजन हाल ही में खत्म हुआ है। इसके अलावा वह डब्बा कार्टेल में भी नजर आए हैं।
