Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

जापान में 100 साल से ज्यादा उम्र वाले सबसे ज्यादा, जानिए फिट होने का राज?


टोक्यो। अक्सर यह माना जाता है कि उम्र ज्यादा होने के साथ लोग अक्षम होते जाते हैं। लेकिन जापान में यह बात पूरी तरह से लागू नहीं होती। यहां पर 100 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की आबादी सबसे ज्यादा है। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि यह लोग अक्षम हैं। यह सभी लोग पूरी तरह से फिट और तंदुरुस्त हैं। इतना ही नहीं, यह बड़ी आसानी से अपने रोजमर्रा के काम-काज निपटाते हैं। हेक्टर गर्सिया और फ्रांसेक मिरालेस की लिखी किताब, इकिगाई में जापानी लोगों के लंबे और स्वस्थ जीवन के राज के बारे में बताया गया है।
इकिगाई किताब के दोनों लेखकों ने जापान में लंबे और खुशहाल जीवन का रहस्य जानने के लिए वहां काफी समय बिताया। इस दौरान यह दोनों जापान में उन जगहों पर गए, जहां अधिक उम्र वालों की आबादी ज्यादा थी। ऐसा ही एक प्रदेश है ओकिनावा। दोनों लेखक ओकिनावा के ओगिमी कस्बे में पहुंचे, जहां पर करीब 3200 लोग रहते हैं। इन सभी की आयु 100 वर्ष करीब ही है। सबसे दिलचस्प बात यह देखने को मिली कि यह सभी पूरी तरह से सक्षम दिखे। एक 88 वर्षीय व्यक्ति खुद कार चलाकर दोनों लेखकों को खाने के लिए ले गया। वहीं, उस व्यक्ति के सहायक की उम्र 99 साल थी।

क्या है रहस्य
इन तमाम बुजुर्गों से मिलने के बाद लेखकों ने पाया कि इस उम्र में भी काफी सक्रिय हैं। लगभग सभी लोग अपना काम खुद कर रहे थे। इसके अलावा वह खुद को पूरी तरह से वर्तमान में रखकर चल रहे थे। उन्हें न तो बीते हुए कल की चिंता थी और न ही आने वाले कल का तनाव। वह किसी तरह की भागदौड़ और जल्दबाजी से दूर थे। इसके अलावा उन लोगों ने कुछ नियम बना रखे थे। मसलन, उम्र कितनी भी बढ़ जाए, अपने बच्चों पर निर्भर नहीं होना है। मन से सदा युवा रहना है। लोगों के साथ घुल-मिलकर और हंसी-खुशी से रहना है।

कैसी है लाइफस्टाइल
जापान के लंबी उम्र के लोगों से मुलाकात के दौरान इकिगाई के लेखकों ने उनसे बात भी की। इस दौरान उन लोगों की लाइफस्टाइल के बारे में भी जानकारी जुटाई। जैसे सभी लोग रात में जल्दी सोने और सुबह जल्दी उठ जाने को प्राथमिकता देते हैं। खुद का बगीचा तैयार करना, उसमें सब्जियां उगाना और उसकी देखभाल करना। इसके अलावा हल्का व्यायाम और टहलना भी उनके रूटीन में शामिल हैं। यह लोग अपने दोस्तों को काफी अहमियत देते हैं। खुद को हमेशा व्यस्त रखते हुए भी यह आराम से जीवन जीने की कला में पारंगत हो चुके हैं।

कैसा है खान-पान
जापान में लोगों के लंबे जीवन का बड़ा राज उनके खान-पान में भी छुपा है। 80 परसेंट तक पेट भरने के बाद यह लोग खाना बंद कर देते हैं। इनका भोजन काफी विविधतापूर्ण होता है, जिसमें सब्जियों की मात्रा काफी ज्यादा होती है। ओकिनावा में हुए एक सर्वे के मुताबिक लंबी आयु के लोग यहां पर 206 प्रकार के पदार्थ खाते हैं, जिसमें कई मसाले भी शामिल हैं। हर दिन उनके भोजन में करीब 18 तरीके पदार्थ शामिल होते हैं। यह लोग दिन भर में करीब पांच तरह के फल और सब्जियां खाते हैं। यह सुनिश्चित करते हैं कि इनका खाना इंद्रधनुषी रंग का हो। मसलन, खाने में लाल शिमला मिर्च, गाजर, पालक, गोभी और बैगन लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *