मुंबई। बॉलीवुड एक्टर संजीव कुमार ने 1960 के दशक से अपने फिल्मी करियर का सफर शुरू किया था। शुरुआत में तो एक्टर को अपनी पहचान बनाने में समय लगा, लेकिन बाद में जब वो अपनी एक्टिंग से स्क्रीन पर जादू करने लगे तो ऑडियंस को भी उनका काम पसंद आने लगा। एक्टर ने अपने फिल्मी करियर में हीरो से लेकर हीरो के पिता तक का किरदार निभाया। कई बार उनसे ये सवाल भी किया गया कि वो अपनी उम्र से ज्यादा उम्र वाला किरदार क्यों निभाते हैं। एक्टर ने इस सवाल का जवाब जो दिया उसने सभी को हैरान कर दिया था।
संजीव कुमार को था मौत का एहसास
संजीव कुमार से एक इंटरव्यू में पूछा गया था कि वो फिल्मों में इतने उम्रदराज किरदार क्यों निभाते हैं। इसके जवाब में एक्टर ने कहा था कि पता है कि वो 50 साल से ज्यादा जीवित नहीं रहेंगे। उन्होंने ये भी कहा था कि अगर वो शादी भी कर लेते हैं और जब तक उनका बेटा 10 साल का होगा तो उनकी मौत हो जाएगी। संजीव का ये जवाब उनके परिवार की हिस्ट्री को देखते हुए था। दरअसल, संजीव के पिता का निधन भी तभी हुआ था उनके बड़े भाई 10 साल के थे। और उनके दादा भी दब दुनिया छोड़ गए थे जब उनके पिता 10 साल के थे। ऐसे में संजीव कुमार जानते थे कि परिवार का ये बुरा साया उनके साथ रहेगा और शादी, बच्चे के बाद वो जीवित नहीं रहेंगे। एक ये भी कारण था कि उन्होंने कभी शादी नहीं की थी।
47 साल में हुआ निधन
वहीं एक इंटरव्यू के दौरान एक्ट्रेस तबस्सुम बताती है कि एक साधु ने संजीव कुमार का हाथ देखकर बताया था कि वह कभी अपना बुढ़ापा नहीं देख पाएंगे। जिस डर से ही उन्होंने कभी शादी तो नहीं की और साथ ही अपने बड़े भाई के बेटे को गोद ले लिया। हालांकि इतना सब कुछ पता होने के बावजूद वह अपने मौत से नहीं बच पाए और 47 की उम्र में हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया।
