Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

लैक्मे फैशन वीक 2025 के तीसरे दिन बॉलीवुड सितारों का जलवा, मृणाल ठाकुर से वाणी कपूर तक बिखेरा ग्लैमर

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर। दिल्ली के वसंत कुंज स्थित द ग्रैंड में आयोजित हो रहे लैक्मे फैशन वीक 2025 का तीसरा दिन पूरी तरह ग्लैमर, क्रिएटिविटी और पारंपरिक सौंदर्य से सराबोर रहा। फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया (एफडीसीआई) के सहयोग से आयोजित इस चार दिवसीय फैशन महोत्सव में बॉलीवुड के कई सितारों ने रैंप पर अपनी शानदार मौजूदगी से समा बांध दिया। डिजाइनरों पंकज एंड निधि, महिमा महाजन और पायल जैन ने अपने नए कलेक्शन पेश किए, जिनमें आधुनिकता और परंपरा का अद्भुत संगम दिखाई दिया।

मृणाल ठाकुर ने पंकज एंड निधि के ‘आराक्विस’ कलेक्शन के लिए शोस्टॉपर बनकर सबका दिल जीत लिया। उन्होंने सुनहरे रंग का स्कल्प्टेड बॉडिस और काले रंग की हाई-स्लिट स्कर्ट पहनी थी, जिसने उन्हें एक मजबूत और स्टाइलिश योद्धा के रूप में पेश किया। उनका लुक पूरी तरह से शक्ति और गरिमा का प्रतीक दिखाई दिया।

वहीं, सदाबहार अभिनेत्री तब्बू ने इत्रह के ‘नूर’ कलेक्शन के लिए रैंप वॉक किया। उन्होंने गहरे पन्ना हरे रंग का अनारकली परिधान पहना, जिस पर की गई महीन जरी कढ़ाई और लेयर्ड घाघरा ने उनके लुक को शाही अंदाज़ दिया। यह कलेक्शन एक शर्मीली लड़की से दुल्हन बनने की यात्रा को दर्शाता है, जिसे पारंपरिक रेशमी कपड़ों और जड़ाऊ गहनों के साथ खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया।

वाणी कपूर ने महिमा महाजन के ‘फ़नाह रिसॉर्ट कलेक्शन’ के लिए शोस्टॉपर के रूप में रैंप पर जलवा बिखेरा। उन्होंने फूलों वाले लहंगे और कॉर्सेट ब्लाउज में सुफी प्रेरित कलेक्शन की सुंदरता को जीवंत किया। हल्के और गहनों जैसे रंगों में किए गए हैंड एम्ब्रॉयडरी ने उनके लुक को बेहद आकर्षक बना दिया।

कला संरक्षक शालिनी पासी ने निकिता म्हैसालकर के ‘बियॉन्ड’ कलेक्शन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने गैलेक्सी और तारों से प्रेरित एक मेटैलिक फिशटेल गाउन पहना था, जिसने उन्हें एक ‘कॉस्मिक क्वीन’ का रूप दिया।

अभिनेता विशाल जेठवा ने जिगर और निकिता के ‘11°ई’ कलेक्शन के लिए रैंप पर वॉक किया। उन्होंने सफेद रंग की शेरवानी और टेक्सचर्ड दुपट्टा पहना था, जो अध्यात्म और आत्मचेतना के प्रतीक के रूप में डिजाइन किया गया था।

नेटफ्लिक्स की हालिया वेब सीरीज़ ‘बर्ड्स ऑफ बॉलीवुड’ में नजर आई अभिनेत्री सहर बंबा ने रिचा खेड़का के ‘वांटेज’ कलेक्शन के लिए रैंप वॉक किया। सफेद बॉडीकॉन ड्रेस और काले ड्रेप्ड स्कर्ट में उन्होंने स्त्रीत्व और शक्ति के संतुलन को बखूबी प्रदर्शित किया।

दूसरे दिन भी रैंप पर बॉलीवुड की अदाकाराएं छाई रहीं। अभिनेत्री डायना पेंटी ने जिगर और निकिता के 11°ई कलेक्शन के लिए शोस्टॉपर के रूप में गुलाबी लहंगे में सभी का ध्यान खींचा। वहीं, मनीषा बेदी ने पायल जैन के ‘पेरिस मोन अमौर’ कलेक्शन में सफेद स्ट्रैपलेस गाउन पहनकर रैंप पर फ्रेंच रोमांस और इंडियन एलीगेंस का शानदार मिश्रण पेश किया।

लैक्मे फैशन वीक 2025 का यह तीसरा दिन परंपरा और आधुनिकता के मेल के साथ बॉलीवुड ग्लैमर का एक बेहतरीन संगम साबित हुआ, जहां हर रैंप वॉक ने फैशन और कला की नई परिभाषा पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *