Saturday, October 17खबर जो असर करे |
Shadow

स्वयं मैदान में उतरे खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक, चार प्रतिष्ठानों पर सख़्त कार्रवाई

रायपुर, 17 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने आज शनिवार को विभागीय अमल के साथ स्वयं मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी तथा पचपेड़ी नाका में स्थित रायपुर ढाबा का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान साफ‑सफ़ाई की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। खाद्य पदार्थों के रख‑रखाव और स्वच्छता में लापरवाही देखते हुए विभागीय दल ने तत्काल उपाय किए। लगभग 150 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की मिठाइयाँ और 10 किलोग्राम पनीर को नष्ट कर दिया गया। साथ ही चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए और स्वच्छता व्यवस्था सुधरने तक कम से कम तीन दिन के लिये दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया।

निरीक्षण के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयाँ के नमूने लिये गये और प्रयोगशाला परीक्षण के लिये भेजे गये। यदि जांच रिपोर्ट में इन खाद्य पदार्थों को अमानक पाया जाता है तो सम्बंधित व्यापारियों के विरुद्ध नियमानुसार न्यायालयीन कार्यवाही की जाएगी।

नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने कहा, “खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित रख‑रखाव में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य कारोबारियों को निर्धारित स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई की जाएगी।”

इस कार्रवाई दल में नियंत्रक दीपक अग्रवाल के साथ उपायुक्त आशीष यादव, अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव और डोमेन्द्र ध्रुव उपस्थित थे।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उनका प्राथमिक लक्ष्य है और निरीक्षण अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा। स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *