Saturday, October 17खबर जो असर करे |
Shadow

भारत का पारंपरिक ताड़ का 1.755 मीट्रिक टन गुड़ पाउडर बुल्गारिया के बाजार में पहुंचा

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। भारत का पारंपरिक ताड़ से बना 1.755 मीट्रिक टन गुड़ पाउडर तमिलनाडु के इरोड जिले से बुल्गारिया के बाजार में पहुँच चुका है। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने इस पहली सर्टिफाइड ऑर्गेनिक ताड़ के गुड़ पाउडर की निर्यात में सहायता की है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि 15 अक्टूबर को इरोड के गोज़िकेत्टीपालयम से बुल्गारिया के वर्ना के लिए 1.755 मीट्रिक टन एनपीओपी और यूरोपीय संघ द्वारा प्रमाणित ऑर्गेनिक ताड़ गुड़ पाउडर का पहला शिपमेंट एपीडा के अध्यक्ष अभिषेक देव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कदम भारत के ताड़ के पेड़ से बने पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश करने और देश के ऑर्गेनिक निर्यात पोर्टफोलियो में विविधता लाने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मंत्रालय के अनुसार, यह शिपमेंट इरोड स्थित मेसर्स वेलबीइंग फूड्स द्वारा तैयार की गई और मेसर्स चेट्टी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से निर्यात की गई, तथा यह शिपमेंट चेन्नई बंदरगाह के माध्यम से समुद्री मार्ग से भेजी जाएगी। विदेशी आयातक और वितरक बुल्गारिया स्थित मेसर्स सो लाइफ लिमिटेड है।

इस पहल का उद्देश्य तमिलनाडु के पारंपरिक ताड़ के उत्पादों के लिए बाजार संबंधों को मजबूत करना और ऑर्गेनिक खेती वाले उत्पादकों के लिए नए अवसर सृजित करना है। 137 एकड़ भूमि पर ऑर्गेनिक खेती को प्रोत्साहित करके, किसानों को बेहतर बाजार पहुँच और निर्यात उन्मुख मूल्य श्रृंखलाओं के माध्यम से लाभ देने की आशा जताई गई है। घरेलू बाजार की तुलना में किसानों को लगभग 15‑22 प्रतिशत और निर्माताओं को 17 प्रतिशत अधिक मूल्य प्राप्त होगा, जिससे स्थायी आजीविका को समर्थन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *