Friday, October 16खबर जो असर करे |
Shadow

राहुल गांधी ने मार्को रुबियो के मुंबई दौरे पर तंज, बोले- “आखिर ये चल क्या रहा है”

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की आगामी भारत यात्रा के दौरान मुंबई में राजनीतिक नेतृत्व के बजाय “भारत सरकार के अधिकारी” से होने वाली असामान्य मुलाकात पर सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी इससे उलझन में हैं कि आखिर ये क्या हो रहा है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया और सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “मिस्टर रुबियो ने अपने कर्मचारी को मुंबई बुलाया है। मोदी जी, विदेश मंत्रालय में आपके अधिकारी उलझन में हैं कि आखिर चल क्या रहा है। बेहतर होगा कि आप ही समझा दें। या फिर, अगर आप चाहें तो मैं भी समझा सकता हूं।”

यह टिप्पणी अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के उस बयान के बाद आई जिसमें उन्होंने कहा कि रूबियो मुंबई में भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। गोर ने आशा व्यक्त की कि विदेश मंत्री स. जयशंकर भी वहाँ मौजूद रहेंगे और दिल्ली से अन्य अधिकारी भी मुंबई पहुंचेंगे। अमेरिकी राजदूत ने रुबियो के इस दौरे को “अधिक पेशेवराना केंद्रित” बताया था।

अब तक विदेश मंत्रालय और विदेश मंत्री स. जयशंकर ने इस मुद्दे या राहुल गांधी की टिप्पणी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। पिछले गुरुवार को कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सवाल किया था कि भारत के विदेश मंत्री की देश के भीतर होने वाली संभावित बैठकों की जानकारी विदेश मंत्रालय या उसके आधिकारिक प्रवक्ता की बजाय अमेरिकी राजदूत क्यों दे रहे हैं, और इसे असामान्य बताते हुए विदेश मंत्रालय की चुप्पी पर भी सवाल उठाया था।

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक भारत और उज्बेकिस्तान के दौरे पर रहेंगे। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार वह पहले उज्बेकिस्तान के समरकंद जाएंगे और उसके बाद भारत में मुंबई और जामनगर का दौरा करेंगे। उनके आधिकारिक कार्यक्रम में नई दिल्ली का कोई पड़ाव शामिल नहीं है। यह उनकी दूसरी भारत यात्रा होगी; पहले मई में वह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने नई दिल्ली आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *