Friday, October 16खबर जो असर करे |
Shadow

छत्तीसगढ़ में 2.35 लाख नए मतदाता जोड़े, 24.99 लाख नाम हटाए

रायपुर, 16 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से 24,99,823 नाम हटा दिए गये हैं। इस प्रक्रिया के पश्चात् छूटे हुए एवं नए पात्र मतदाताओं को दोबारा जोड़ने के लिये राज्य के 33 जिलों में 27,196 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को तैनात किया गया है, जिससे अब तक 2,35,000 नए मतदाता जोड़े गये हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के निर्देशानुसार, मतदाताओं की सुविधा के लिए हर सप्ताह बुधवार तथा गुरुवार को विशेष शिविर चलाये जा रहे हैं। पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए निर्वाचन विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को मैदान में उतारा है। इसके अतिरिक्त, आज शुक्रवार तथा शनिवार को स्कूल‑कॉलेज एवं उच्च शैक्षणिक संस्थानों में युवाओं के पंजीकरण के लिए अभियान चलाया जाएगा।

एसआईआर के दौरान 24,99,823 नामों को हटाने का कारण 6.42 लाख मृत तथा 19.13 लाख से अधिक अनुपस्थित या स्थानांतरित मतदाता हैं। विभाग ने प्रदेश के 33 जिला निर्वाचन अधिकारियों, 90 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 377 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 2,719 बूथ स्तरीय पर्यवेक्षकों तथा 27,196 बूथ स्तरीय अधिकारियों को नियुक्त किया है। ये अधिकारी‑कर्मचारी पात्र मतदाताओं को नाम जुड़वाने के लिये फार्म‑6 भरने में सहायता करेंगे।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने अथवा हटाने पर आपत्ति के लिए फार्म‑7 और नाम‑पते में सुधार, निवास स्थान बदलने सहित अन्य संशोधनों के लिये फार्म‑8 की सुविधा उपलब्ध है। एसआईआर के दौरान जिनका पता बदल गया या जिनसे घर पर नहीं मिला, ऐसे लगभग 19 लाख अनुपस्थित एवं स्थानांतरित श्रेणी के मतदाताओं को बीएलओ घर‑घर जाकर फार्म‑6 भरवाएंगे।

मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों तथा आवेदन भरने में सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान मतदाता सूची से अलग‑अलग कारणों से हटाए गये नामों का भी पुनः सत्यापन किया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारियों को फार्म‑6 भरवाने तथा क्षेत्र में मतदाताओं के सत्यापन के बाद रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गये हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सहित 20 राज्यों में जहाँ विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहाँ अक्टूबर 2026 में छूटे हुए पात्र मतदाताओं को दोबारा जोड़ने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *