
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। आज सीजेपी द्वारा आयोजित ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने 21 प्रमुख मार्गों पर बदलाव की योजना बनाई है। कनॉट प्लेस और आस-पास के इलाकों में 11,000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तीन पाली में तैनात किया गया है, जिसमें सुरक्षा और सेंट्रल पुलिस के साथ-साथ सीएपीएफ की करीब 220 कंपनियाँ और आरएएफ की टुकड़ियाँ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, लगभग 5,000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को रिजर्व में रखा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत कनॉट प्लेस, राजीव चौक, जंतर-मंतर, संसद मार्ग और पालिका बाजार के प्रमुख इलाकों में बैरिकेडिंग और दंगा नियंत्रण वाहन तैनात किये गये हैं। ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे के ज़रिए निगरानी भी बढ़ाई गयी है।
पुलिस ने बताया कि सेंट्रल पार्क को आज और कल के लिए बंद रखा जाएगा। पार्क के आसपास भी बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल तैनात है और लोगों से बिना अनुमति भीड़ जुटाने से बचने की अपील की गई है। सीमित संख्या में लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान सुनाने की अनुमति देने की बात भी कही गयी है।
यातायात के संदर्भ में ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और इसके आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है। 21 प्रमुख मार्गों पर, जैसे संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, बाराखंभा रोड, केजी मार्ग, अशोक रोड, मिंटो रोड और तिलक मार्ग पर ट्रैफिक डाइवर्जन संभव है।
इसके अलावा, आईटीओ, मंडी हाउस, इंडिया गेट और डीडीयू मार्ग पर भी वाहन दबाव बढ़ने की आशंका है। यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और संभव हो तो मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी गयी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा तथा यातायात संबंधी प्रतिबंध परिस्थितियों के अनुसार लागू रहेंगे। जनता से अपील है कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
सीजेपी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने गुरुवार को जनता से शुक्रवार शाम 5 बजे तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया था। यह विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को रोकने की मांग के साथ चल रहा है।
