Sunday, September 27खबर जो असर करे |
Shadow

“अर्नब चक्रवात” का कहर…. UP में 13 लोगों की मौत, 8 राज्यों में हो रही भारी बारिश, 14 में अलर्ट

नई दिल्ली। ‘अर्नब चक्रवात’ (‘Cyclone Arnab’) से उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 8 राज्यों में तेज बारिश (Rain) हो रही है. बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में बना मौसमी सिस्टम अब दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है. इसके चलते राजस्थान-मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में अभी इसका सबसे ज्यादा कहर देखने को मिल रहा है।


उत्तर प्रदेश के कई शहरों में करीब 48 घंटे से लगातार बारिश हो रही है. 40-50 किमी/घंटे की हवाएं चल रही हैं. अगल-अलग हादसों में 13 लोगों की मौत हो चुकी है. 32 जिलों में बाढ़ का खतरा है. वहीं बिहार के 19 जिलों में यलो अलर्ट है।


वहीं, छत्तीसगढ़ के बस्तर में बारिश ने शहर से लेकर गांव तक की तस्वीर बदल दी है. पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं. कहीं सड़क पर सैलाब है. कहीं खेत पानी में डूबे हैं, तो कहीं घरों में पानी घुस गया है। कई इलाकों में हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को अपना घर और सामान छोड़कर भागना पड़ा. बस्तर में भारी बारिश और बाढ़ से जिंदगी प्रभावित हुई है।


जगदलपुर में इंद्रावती नदी का रौद्र रूप दिखा रही है. पुराने पुल के पास नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. नदी किनारे बसे इलाकों में पानी लगातार बढ़ रहा है. लालबाग, डोंगाघाट, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में पानी भर गया है. हालात इतने बिगड़ गए हैं कि लोग बच्चों बुजुर्गों को घरों से निकालकर सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा रहे हैं।


राजधानी रायपुर में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. महादेवघाट पर खारुन नदी का पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है. पिछले 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. पुल के आसपास पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है. गरियाबंद में पिछले 24 घंटों से हो रही भारी बारिश ने लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है, जिले की तीन प्रमुख नदियां पैरी, सौंदर, महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, तो वहीं छोटे नदी, नाले उफान पर है।


सुकमा के कोंटा इलाके में शबरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और वार्निंग लेवल तक पहुंच चुका है. नदी का पानी इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो हालात और गंभीर हो सकते हैं. एहतियातन नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है. सुकमा को ओडिशा से जोड़ने वाले रास्ते पर भी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है. झापर पुल के ऊपर से पानी बह रहा है।


बता दें, बंगाल की खाड़ी से उठा अर्नब चक्रवात भले ही अब कमजोर पड़ गया हो, लेकिन इसकी वजह से पूर्वी भारत के कई राज्यों में जमकर बारिश हो रही है. यहां तक कि इस चक्रवात की वजह से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही है. तेज हवाओं के साथ बारिश होने की वजह से फसलें भी खराब हो गई हैं. छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में अभी और बारिश की चेतावनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *