Monday, September 7खबर जो असर करे |
Shadow

महात्मा गांधी के किरदार में ढले मनोज बाजपेयी, फर्स्ट लुक जारी


अभिनेता मनोज बाजपेयी जल्द ही पर्दे पर महात्मा गांधी के किरदार में नजर आने वाले हैं। सुधीर मिश्रा के निर्देशन में बन रही आगामी हिस्टोरिकल ड्रामा फिल्म से उनका फर्स्ट लुक सामने आया है। तस्वीर में मनोज बाजपेयी गांधी जी के रूप में पूरी तरह बदले नजर आ रहे हैं। उनके लुक के साथ-साथ बॉडी लैंग्वेज में भी गांधी जी की झलक दिखाई दे रही है। फर्स्ट लुक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म और अभिनेता के ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

फिल्म की कहानी आजादी के दौर से जुड़े 21 दिनों के एक कम चर्चित घटनाक्रम पर आधारित बताई जा रही है। मनोज बाजपेयी पहली बार महात्मा गांधी की भूमिका निभा रहे हैं, ऐसे में उनके लुक को लेकर शुरुआत से ही दर्शकों के बीच उत्सुकता थी। सामने आई तस्वीर में उनका इंटेंस अंदाज और किरदार के लिए किया गया ट्रांसफॉर्मेशन खास तौर पर ध्यान खींच रहा है। इस प्रोजेक्ट में उनके साथ अभिनेता सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी सुधीर मिश्रा ने संभाली है, जिन्हें ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ और ‘धारावी’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।

इस फिल्म के लिए हिंदी सिनेमा के कई अनुभवी नाम एक साथ आए हैं। अनुभव सिन्हा और नरेंद्र हिरावत बनारस मीडिया वर्क्स के बैनर तले फिल्म का निर्माण कर रहे हैं, जबकि एनएच स्टूडियोज इसे प्रस्तुत कर रहा है। अनुभव सिन्हा बतौर निर्माता ‘मुल्क’, ‘आर्टिकल 15’ और ‘थप्पड़’ जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं। महात्मा गांधी जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्व के किरदार में मनोज बाजपेयी का नजर आना और सुधीर मिश्रा का निर्देशन इस फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *