भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दुबई प्रवास के दूसरे दिन एआईएम कांग्रेस-2026 में स्थापित मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पवेलियन में मौजूद निवेशकों और प्रतिनिधियों से संवाद कर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं की जानकारी साझा की।
मध्यप्रदेश पवेलियन को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, व्यापारिक अवसर, आधारभूत संरचना और निवेश-अनुकूल नीतियों को प्रस्तुत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यहां वैश्विक निवेशकों के साथ-साथ संप्रभु निधियों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, व्यापारिक संगठनों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को मध्यप्रदेश में निवेश के उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया जा रहा है। पवेलियन में मध्यप्रदेश को ‘द लैंड ऑफ इनफिनिट पॉसिबिलिटी’ यानी असीम संभावनाओं की भूमि के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश के अवसरों की जानकारी
पवेलियन में मध्यप्रदेश की देश के मध्य में स्थित रणनीतिक अवस्थिति, औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र, भूमि बैंक, अधोसंरचना और निवेश के अनुकूल नीतियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही विनिर्माण, वस्त्र उद्योग, लॉजिस्टिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और उभरते उद्योगों में क्षेत्रवार उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी भी दी जा रही है।
पारंपरिक उत्पादों से सांस्कृतिक पहचान तक
निवेश और व्यापार के अवसरों के साथ मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक एवं आर्थिक विरासत को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। पवेलियन में प्रदेश के जीआई टैग प्राप्त और एक जिला-एक उत्पाद योजना के तहत चिन्हित उत्पादों में चंदेरी, महेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी, बेल मेटल और ग्वालियर कारपेट का चयनित प्रदर्शन किया गया है।
इन उत्पादों के जरिए हस्तशिल्प और वस्त्र क्षेत्र के साथ निर्यात, पर्यटन तथा रचनात्मक उद्योगों में मौजूद संभावनाओं को भी वैश्विक प्रतिनिधियों के सामने रखा जा रहा है।
डिजिटल माध्यम से निवेशकों को दी जा रही जानकारी
मध्यप्रदेश पवेलियन में व्यावसायिक संवाद के लिए विशेष स्थानों के साथ डिजिटल प्रदर्शन, क्षेत्रवार प्रस्तुतियां और निवेश सुविधा केंद्र विकसित किए गए हैं। डिजिटल माध्यमों के जरिए भारत में नए निवेश गंतव्यों की तलाश कर रहे अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को प्रदेश में उपलब्ध अवसरों और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
व्यावसायिक बैठकों और नेटवर्किंग पर रहेगा जोर
पवेलियन में निवेशकों के साथ व्यावसायिक बैठकें, नेटवर्किंग सत्र और उत्पाद प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से मध्यप्रदेश को वैश्विक बाजारों से जोड़ने, निवेश और व्यापारिक साझेदारी को बढ़ाने तथा दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग के नए अवसर तलाशने पर जोर दिया जाएगा।
