Monday, September 7खबर जो असर करे |
Shadow

MP: CM मोहन यादव दुबई के 4 दिवसीय दौरे पर, दुबई के दिग्गज निवेशों से करेंगे संवाद

दुबई। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Chief Minister Mohan Yadav) 6 से 9 सितंबर तक दुबई दौरे (Dubai Visit) पर रहेंगे. ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश–दुबई 2026’ (‘Invest in Madhya Pradesh – Dubai 2026’) के तहत मुख्यमंत्री संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. उनके दौरे में AIM Congress 2026 में भागीदारी, मध्यप्रदेश पवेलियन (Madhya Pradesh Pavilion) का उद्घाटन, निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें और ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश’ संवाद सत्र होंगे।


मुख्यमंत्री यादव के दौरे का मुख्य उद्देश्य मध्य प्रदेश की औद्योगिक, पर्यटन और निवेश क्षमता को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखना है. आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, इस दौरान मुख्यमंत्री कई उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे और प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर सीधे संवाद करेंगे. दौरे के दौरान लूलू ग्रुप, डीपी वर्ल्ड, इमार और अन्य प्रमुख कारोबारी समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं।


इसके अलावा, शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और अन्य कारोबारी संस्थाओं के साथ भी बैठकें होंगी. 8 सितंबर को मुख्यमंत्री यूएई के प्रमुख निवेशकों के साथ कई वन-टू-वन बैठकें करेंगे।


पहले दिन प्रवासी भारतीयों से संवाद और ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री 6 सितंबर को दुबई पहुंचेंगे. यहां प्रवासी भारतीय समुदाय की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा. इसके बाद ताज दुबई में एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) स्टॉल का उद्घाटन किया जाएगा. इस स्टॉल पर मध्य प्रदेश के बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।


इसके बाद मुख्यमंत्री संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णुवर्धन रेड्डी से ब्रीफिंग लेंगे. शाम को अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित भोज में शामिल होंगे।


दौरे के पहले दिन शाम को मुख्यमंत्री AIM Congress 2026 के आमंत्रण-आधारित ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसमें करीब 500 सॉवरेन वेल्थ फंड, फैमिली ऑफिस और कॉरपोरेट प्रमुखों के शामिल होने का कार्यक्रम है. यहां निवेश से जुड़े मुद्दों पर बंद-द्वार संवाद प्रस्तावित है।


7 सितंबर को AIM Congress में MP पवेलियन का उद्घाटन
दौरे का दूसरा दिन मुख्यमंत्री के लिए बेहद अहम रहेगा. 7 सितंबर को वे दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में AIM Congress 2026 के दौरान मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे. इसके जरिए प्रदेश के निवेश अवसरों और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक निवेशकों के सामने रखा जाएगा. मुख्यमंत्री रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से शिष्टाचार भेंट भी करेंगे. इसके बाद AIM Congress के उद्घाटन समारोह में नेताओं के सत्र को संबोधित करेंगे.


इसी दिन तातारस्तान के गवर्नर के साथ बैठक के अलावा यूएई के अर्थव्यवस्था और पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री समेत विदेश व्यापार राज्य मंत्री और AIM Congress के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयूदी के साथ भी बैठकें होंगी.


‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश-इंडिया’ सत्र में CM रखेंगे प्रदेश का विजन
7 सितंबर को दोपहर बाद ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश-इंडिया’ निवेश सत्र आयोजित होगा. इसमें मध्य प्रदेश की निवेश संभावनाओं और पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों को निवेशकों के सामने रखा जाएगा. कार्यक्रम में पहले मध्य प्रदेश की निवेश संभावनाओं पर फिल्म और प्रस्तुति होगी. इसके बाद पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी. विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयूदी के मुख्य भाषण के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव अपना संबोधन देंगे।


लूलू ग्रुप समेत बड़े कारोबारी समूहों से मुलाकात
7 सितंबर को मुख्यमंत्री लूलू ग्रुप इंटरनेशनल के चेयरमैन यूसुफ अली एम.ए. से भी मुलाकात करेंगे. यह बैठक मध्य प्रदेश में निवेश और कारोबारी सहयोग की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.


8 सितंबर को 12 प्रमुख निवेशकों के साथ वन-टू-वन मीटिंग्स
दौरे के तीसरे दिन यानी 8 सितंबर को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूरी तरह निवेशकों और कारोबारी समूहों से सीधे संवाद पर केंद्रित रहेगा. आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट जोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे।


इसके बाद मुख्यमंत्री शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस और अन्य प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. शारजाह में बीआह के समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।


इमार के साथ बैठक और बुर्ज खलीफा विजिट
8 सितंबर को मुख्यमंत्री इमार के कार्यालय भी जाएंगे. कार्यक्रम के अनुसार वे बुर्ज खलीफा का अवलोकन करेंगे और इसके बाद इमार के समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ बैठक करेंगे। शाम को ताज दुबई में ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश: निवेश अवसरों पर संवाद सत्र’ आयोजित होगा. इसमें यूएई के व्यवसाय एवं परोपकार के लिए विशेष दूत बद्र जाफर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री यहां मध्य प्रदेश की औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं पर निवेशकों से संवाद करेंगे।


9 सितंबर को नई दिल्ली लौटेंगे CM
तीन दिनों के निवेश-केंद्रित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव 9 सितंबर को दुबई से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे. कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:50 बजे दुबई से उड़ान प्रस्तावित है और दोपहर 2:45 बजे नई दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है।


क्यों अहम है CM का दुबई दौरा?
मध्य प्रदेश सरकार इस दौरे के जरिए प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, पर्यटन संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक कारोबारियों के सामने रखने की कोशिश कर रही है. AIM Congress जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर मध्य प्रदेश पवेलियन और निवेश सत्र के जरिए प्रदेश को संभावित निवेशकों से सीधे जोड़ने का प्रयास होगा. मुख्यमंत्री की निवेशकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें भी इसी रणनीति का हिस्सा हैं।


दौरे का एक अहम लक्ष्य आगे होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और कारोबारी समूहों को मध्य प्रदेश से जोड़ना भी है. आधिकारिक कार्यक्रम में कई बैठकों के दौरान GIS 2027 के निमंत्रण का उल्लेख किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *