इंदौर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के इंदौर (Indore) से एक परिवार की तीन बेटियों की मौत की खबर सामने आई है। मृत बच्चियों की उम्र 10, 8 और 5 वर्ष बताई जा रही है। आरोप है कि इन बच्चियों की मौत फूड पॉइजनिंग के कारण हुई है। इनमें दो बच्चियों ने इंदौर के एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा, जबकि तीसरी बच्ची की इटारसी के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिवार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा का रहने वाला बताया जा रहा है। तीनों बच्चियों की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम और बिसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
रात में खाना खाने के बाद बिगड़ी हालत
जानकारी के मुताबिक पीथमपुर स्थित एलएनटी कंपनी में काम करने वाले नरेंद्र सिंह अपनी पत्नी अमरोतिन और बच्चों के साथ बेटमा क्षेत्र में रहते हैं। परिजनों के अनुसार रात करीब दो बजे परिवार के सदस्यों ने घर पर बनी दाल, चावल, रोटी और सब्जी खाई थी।
भोजन करने के कुछ ही समय बाद तीनों बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें उल्टी-दस्त होने लगे और देखते ही देखते उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन तीनों को तत्काल उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दो बच्चियों को मृत घोषित कर दिया।
शव लेकर गांव रवाना हुए परिजन
दो बच्चियों की मौत के बाद बदहवास परिजन उनके शवों को लेकर एंबुलेंस से छत्तीसगढ़ स्थित अपने पैतृक गांव जांजगीर-चांपा के लिए रवाना हो गए। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि दोनों बच्चियों के शव बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही उन्हें सौंप दिए गए।
इसी दौरान एंबुलेंस में मौजूद तीसरी बच्ची की हालत भी रास्ते में अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल इटारसी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
इटारसी में पोस्टमॉर्टम, बिसरा होगा सुरक्षित
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। बेटमा थाना प्रभारी सौरभ पांडे के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि खाना खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी थी। हालांकि मौत की पुख्ता वजह अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को अपने कब्जे में लेकर इटारसी के अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कराई है। पोस्टमॉर्टम के बाद बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि तीनों बच्चियों की मौत फूड पॉइजनिंग से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
जांच के बाद ही सामने आएगी मौत की असली वजह
सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने मामले की जांच किए जाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जांच जारी है और इस संबंध में अभी अधिक जानकारी देना संभव नहीं है। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत, भोजन के नमूने और उपचार से जुड़े तथ्यों समेत सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
