नई दिल्ली। लंबे समय से अशांति झेल रहे बलूचिस्तान ने पाकिस्तान को बड़ा झटका देते हुए खुद को पूर्ण स्वतंत्र देश घोषित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक आधिकारिक बयान में रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान के नाम से स्वतंत्रता की घोषणा की गई है।
भारत पर बुरी नजर रखने वाले पाकिस्तन को बड़ा झटका लगा है। बलूचिस्तान ने खुद को स्वतंत्र देश घोषित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक आधिकारिक बयान में ‘रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान’ के नाम से स्वतंत्रता की घोषणा की गई है। बयान में दावा किया गया है कि बलूचिस्तान की सेना ने क्षेत्र के 85 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण कर लिया है। साथ ही नया राष्ट्रीय झंडा, राष्ट्रगान, नई मुद्रा और प्रशासनिक व्यवस्था लागू करने की घोषणा की गई है। नई सरकार के पास क्षेत्र के खनिज संसाधनों, गैस क्षेत्रों और कोयला खदानों पर पूर्ण नियंत्रण होने का भी दावा किया गया है।
लंबे समय से अलगाववाद की मांग
बयान में यह भी दावा किया गया कि पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों के कई अधिकारी इस्तीफा देकर बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की लड़ाई में शामिल हो गए हैं। बता दें कि बलूचिस्तान में लंबे समय से पाकिस्तान के खिलाफ अलगाववाद की मांग जोर पकड़ रही है। स्थानीय लोगों ने कई बार बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए हैं और सेना प्रमुख आसिम मुनीर तथा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के खिलाफ नारेबाजी की है। हालांकि, बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की इस घोषणा की अभी तक किसी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है। न ही किसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठन या सरकार ने इसे स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता दी है।
बलूचिस्तान में चरम पर हिंसा
इस बीच बलूचिस्तान में सुरक्षा स्थिति बिगड़ती जा रही है। जातीय बलूच विद्रोहियों और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर हमले तेज कर दिए हैं। पाकिस्तान रक्षा अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में 105 से अधिक आतंकवादी मारे गए हैं। इनमें से 71 आतंकवादी 7 जुलाई से शुरू हुए ऑपरेशन शाबान के दौरान ढेर हुए। ऑपरेशन शाबान क्वेटा जिले के शाबान इलाके में चलाया जा रहा है। यह अभियान पाकिस्तान सेना, फ्रंटियर कोर (FC) और बलूचिस्तान पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है।
5 जुलाई को मारे गए थे 27 पुलिसकर्मी
5 जुलाई को शाबान इलाके के मंगी डैम पंपिंग स्टेशन स्थित पुलिस चौकी पर हुए आतंकवादी हमले में 27 पुलिसकर्मी मारे गए थे। इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की। रक्षा सूत्रों ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में अभियान के दौरान कम से कम सात और आतंकवादी मारे गए, जिससे ऑपरेशन शाबान में मारे गए आतंकवादियों की कुल संख्या 71 हो गई है। बता दें कि बलूचिस्तान पिछले दो दशकों से अशांति झेल रहा है और हाल के महीनों में हिंसा में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।
