भोपाल। मध्य प्रदेश के खरगोन में 35 साल की एक महिला और 9 बच्चों की मां ने सोते वक्त अपने पति को कुल्हाड़ी से काट डाला। रुमली बाई डुडवे ने पति का बाहर वाली से चक्कर और छोड़े जाने के डर से इस वारदात को अंजाम दिया।
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में 9 बच्चों की मां, एक 35 साल की महिला ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से अपने पति को काट डाला। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे दोनों के बीच की अनबन और पति का किसी और महिला के साथ अफेयर की बात सामने आ रही है। महिला को शक था कि उसके पति का किसी के साथ चक्कर है और वह उसको छोड़ देगा। हत्या की वजह उनके बीच अक्सर होने वाले झगड़े को भी माना जा रहा है।
सोते वक्त कुल्हाड़ी से काट डाला
मंगलवार को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला रुमली बाई डुडवे (35) को अरेस्ट कर लिया गया है। उसने सोते वक्त कुल्हाड़ी से अपने पति की हत्या कर दी। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थानीय अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह घटना चैनपुर पुलिस स्टेशन इलाके के बाजार खोद्रा चिड़िया गांव में हुई।
भाई ने दर्ज कराई थी शिकायत
खरगोन के असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस बिट्टू सहगल ने बताया कि मृतक की पहचान इडा डुडवे (45) के तौर पर हुई है। मृतक के भाई ने 10 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी ने इडा डुडवे की हत्या कर दी है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी।
पति-पत्नी के बीच होते थे झगड़े
शुरुआती जांच से पता चला कि अपराध किसी बाहरी व्यक्ति ने किया है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पुलिस को पता चला कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। सख्ती से पूछताछ में रुमली बाई टूट गई और उसने कथित तौर पर अपने पति की हत्या की बात कबूल कर ली।
डर था कि पति छोड़ देगा
आरोपी महिला ने खुलासा किया कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ चक्कर चल रहा था। आरोपी ने बताया कि उसको इस बात का डर हो गया था कि वह उसे और उनके नौ बच्चों को छोड़कर अपनी गर्लफ्रेंड से शादी कर लेगा। पति-पत्नी के बीच अक्सर इन्हीं मुद्दों को लेकर झगड़े भी होते थे। लंबे समय से चल रहे झगड़ों से तंग आकर और छोड़े जाने के डर से रुमली बाई ने 9-10 जुलाई की दरम्यानी रात को कुल्हाड़ी से अपने पति की हत्या कर दी।
वहीं एमपी के रायसेन में तंत्र-मंत्र के जरिए गड़ा धन निकालने के लालच में 3 लोगों ने 42 साल एक व्यापारी की कथित तौर पर हत्या कर दी। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर गैरतगंज क्षेत्र में हुई। व्यापारी की लाश गैरतगंज से लगभग 6 किलोमीटर दूर परासिया गांव के पास नदी किनारे स्थित एक पूजा स्थल के नजदीक बरामद की गई। व्यापारी विजय जैन 7 जुलाई को घर से लापता हो गए थे। उनके परिजनों ने नौ जुलाई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
