Monday, July 6खबर जो असर करे |
Shadow

बरुईपुर कांड पर सियासत तेज, घर के बाहर सुरक्षा बढ़ने पर ममता बनर्जी बोलीं- ‘मुझे हाउस अरेस्ट किया गया’

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बरुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पीड़ित परिवार से मिलने जाने की तैयारी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि उन्हें उनके ही घर में नजरबंद कर दिया गया है। वहीं, उनके आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने से विवाद और गहरा गया है।

ममता बनर्जी ने दावा किया कि वह बरुईपुर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करना चाहती थीं, लेकिन उनके कालीघाट स्थित आवास के बाहर भारी पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती कर उन्हें बाहर निकलने से रोका गया। उन्होंने इसे “हाउस अरेस्ट” जैसा कदम बताते हुए राज्य प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

इस मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भी सरकार की कार्रवाई की आलोचना की। पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि जैसे ही ममता बनर्जी के बरुईपुर जाने की जानकारी सामने आई, उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी गई। पार्टी ने कहा कि इन कदमों से उनकी मांग नहीं बदलेगी और बरुईपुर की पीड़ित बच्ची के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी।

टीएमसी ने अपने बयान में कहा कि ममता बनर्जी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

वहीं, टीएमसी की राज्यसभा सांसद डोला सेन ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि बरुईपुर की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एक जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने जाना चाहता है, तो उसे रोकने के लिए इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल क्यों तैनात किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से ममता बनर्जी को जनता के बीच जाने से नहीं रोका जा सकता।

बरुईपुर की घटना को लेकर राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच बढ़े इस टकराव का आगे क्या असर देखने को मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *