कहा-करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है कुबेरेश्वरधाम, सनातन धर्म को जन-जन तक पहुंचाने में पंडित मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान
सीहोर। कुबेरेश्वरधाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का वैश्विक केंद्र बनकर उभरा है। यहां से दिया जा रहा धर्म, सेवा और संस्कार का संदेश देश ही नहीं, बल्कि विश्वभर के करोड़ों श्रद्धालुओं को प्रेरित कर रहा है। देश भर के श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र है। उक्त विचार बुधवार की सुबह उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर पंडित श्री मिश्रा के साथ उन्होंने कथा स्थल के अलावा यहां पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए भव्य भोजनशाला का भ्रमण किया।
कुबेरेश्वरधाम पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री का श्रद्धालुओं एवं विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। उन्होंने धाम की व्यवस्थाओं और धार्मिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि कुबेरेश्वरधाम आज करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है। यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और नई ऊर्जा प्राप्त होती है।
केबिनेट मंत्री श्री पांडे ने कहा कि धाम के संस्थापक पंडित श्री मिश्रा अपने सरल, सहज और प्रेरणादायी प्रवचनों के माध्यम से करोड़ों लोगों को सनातन धर्म की मूल भावना से जोड़ा है। उनके संदेशों ने समाज में धर्म, संस्कार, सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत किया है।
आज आवश्यकता है कि हम अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं
उन्होंने कहा कि धर्म हमारे देश की सबसे बड़ी शक्ति है। सनातन संस्कृति केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है, जो पूरे विश्व को प्रेम, शांति और मानवता का संदेश देती है। आज आवश्यकता है कि हम अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं। इस अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा महाराज ने कहा कि सनातन धर्म का मूल उद्देश्य मानवता की सेवा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज में सद्भाव स्थापित करना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धर्म, सेवा और संस्कारों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने पंडित प्रदीप मिश्रा का आशीर्वाद प्राप्त कर भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
