Monday, June 29खबर जो असर करे |
Shadow

झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर, तीन जिलों में चार लोगों की मौत; कई अन्य झुलसे

रांची। झारखंड में मानसूनी गतिविधियों के बीच आकाशीय बिजली का कहर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के लोहरदगा, लातेहार और कोडरमा जिलों में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।

लोहरदगा में दो महिलाओं की जान गई

पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक प्रभावित लोहरदगा जिला रहा, जहां अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई और छह अन्य लोग झुलस गए।

मृतकों की पहचान कुरू थाना क्षेत्र के सलगी गांव निवासी 48 वर्षीय घुरती उरांव और बगरू थाना क्षेत्र के चरहू गांव की 40 वर्षीय आसीदा खातून के रूप में हुई है।

कुरू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि घुरती उरांव अपने पति और बेटे के साथ खेत में काम कर रही थीं, तभी उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में उनके पति और बेटा भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, बगरू थाना प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार, आसीदा खातून गांव में बकरियां चरा रही थीं, तभी वह बिजली की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मकान में शरण लेने वाले भी झुलसे

लोहरदगा के तिसिया नयाटोली में बारिश के दौरान एक मकान में शरण लेने पहुंचे लोगों पर भी बिजली गिर गई। इस घटना में तीन महिलाओं सहित चार लोग झुलस गए। सभी घायलों का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है।

लातेहार और कोडरमा में भी हादसे

लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित पिंडराकोम गांव में 14 वर्षीय एक किशोरी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।

इसी तरह कोडरमा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में 26 वर्षीय सोनी कुमारी पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़ी थीं, तभी गुरुवार को उन पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी जान चली गई।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 27 जून से अगले पांच दिनों तक झारखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने तथा सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *