सहारनपुर। राम मंदिर (Ram Mandir) को बम से उड़ाने की साज़िश में सहारनपुर का युवक दबोचा गया. सहारनपुर (Saharanpur) के सुहैल को कर्नाटक (Karnataka) के दावणगेरे से एनआईए (NIA) और एटीएस (ATS) ने उठा लिया. सुहैल के मोबाईल से पाकिस्तान (Pakistan) के नंबर, संदिग्ध व्हाट्सऐप ग्रुप, हथियारों के साथ फोटो भी मिले हैं. यूपी पुलिस को भी आरोपी की जानकारी भेजी गई है. सुहैल सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के लखनौती गांव का निवासी बताया जाता है. सुहैल कर्नाटक में पेंटर का काम कर रहा था।
कर्नाटक से 15 दिन के भीतर तीसरे आतंकी की गिरफ्तारी
एक रिपोर्ट के मुताबिक इस गिरफ्तारी के साथ ही सुहैल पिछले पंद्रह दिनों में राज्य में गिरफ्तार किया गया तीसरा संदिग्ध आतंकी बन गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरफ्तारी 4 जून को पकड़े गए दो संदिग्ध आतंकियों से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर की गई. 22 वर्षीय जमीर खान को दावणगेरे से और 24 वर्षीय अल्ला बख्श को तुमकुरु से गिरफ्तार किया गया था. हालांकि, गृह मंत्री प्रियांग खरगे ने सुहैल की गिरफ्तारी और 4 जून को पकड़े गए दोनों संदिग्धों के बीच किसी भी सीधे संबंध से इनकार किया है।
सोशल मीडिया से पाकिस्तानियों के संपर्क में आया था सुहैल
उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक एचटी शेखर ने बताया कि सुहैल के संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों से पाए गए हैं. उन्होंने कहा, “प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह सोशल मीडिया के जरिए आतंकियों के संपर्क में था. यह मामला तुमकुरु जिले में सामने आए मामले जैसा प्रतीत होता है, लेकिन तथ्यों की पुष्टि के लिए और साक्ष्य जुटाए जाएंगे. हमें यह भी सूचना मिली है कि 10 लोगों का एक समूह कर्नाटक में दाखिल हुआ है. इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस को सुहैल के मोबाइल फोन से क्या-क्या मिला?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सुहैल ने राम मंदिर पर हमले की योजना को लेकर चर्चा करने की बात स्वीकार की है. जांच एजेंसियों का दावा है कि उसके मोबाइल फोन में हथियारों के साथ उसकी तस्वीरें मिली हैं. इसके अलावा, फोन में पाकिस्तान के कंट्री कोड वाले संपर्क नंबर और कुछ ऑडियो क्लिप भी मिले हैं, जिनमें वह कथित तौर पर राम मंदिर पर हमले की बात करता हुआ सुनाई देता है।
