Tuesday, June 23खबर जो असर करे |
Shadow

तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास में चोरी, 20 लाख कैश और पार्टी फंड गायब


पटना। तेज प्रताप यादव ने अपने करीबी और निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद समेत कई कीमती सामान चोरी हो गए हैं. तेज प्रताप यादव के अनुसार यह घटना 22 जून को सामने आई, जब उन्होंने अपने कमरे की अलमारी की जांच की.

शिकायत में कहा गया है कि अलमारी से लगभग 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार नए ड्रोन, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन गायब मिले. तेज प्रताप यादव का दावा है कि चोरी हुए 20 लाख रुपये पार्टी फंड के थे.
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि उनके निजी सहायक मोतीलाल राय ने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया. आवेदन में दावा किया गया है कि चोरी गई नकदी पार्टी फंड की राशि थी. शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना की रात करीब 11:30 बजे दो लोगों ने मोती लाल राय को एक बैग के साथ आवास परिसर की बाउंड्री फांदकर निकलते हुए देखा था.

तेज प्रताप यादव ने इन दोनों व्यक्तियों को मामले का प्रत्यक्षदर्शी गवाह बताया है. तेज प्रताप यादव ने पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित जांच, आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए नकद व सामान की बरामदगी की मांग की है. फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है. हालांकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *