Monday, June 8खबर जो असर करे |
Shadow

डेजी शाह की नई फिल्म में दिखेगा वर्दी वाला अंदाज


मुंबई। अभिनेत्री डेजी शाह जल्द ही अपनी नई फिल्म ‘डीजीपी कश्मीर’ में एक आईपीएस अधिकारी के दमदार किरदार में नजर आएंगी। इम्तियाज भट्ट के निर्देशन में बन रही यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और कश्मीर में तैनात सुरक्षाकर्मियों के साहस, समर्पण और बलिदान की कहानियों को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। फिल्म का उद्देश्य उन गुमनाम नायकों को सम्मान देना है, जिन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की सेवा की है।
अपने किरदार को लेकर डेजी शाह ने कहा कि यह उनके करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में से एक है। उन्होंने बताया, “मैंने पहले पर्दे पर एक पुलिसकर्मी की भूमिका निभाई है, लेकिन पहली बार एक आईपीएस अधिकारी का किरदार निभाने जा रही हूं। यह मेरे लिए एक नया अनुभव और बड़ी जिम्मेदारी है।” डेजी का मानना है कि इस किरदार के जरिए उन्हें एक मजबूत और प्रेरणादायक व्यक्तित्व को पर्दे पर जीवंत करने का अवसर मिला है।

फिल्म की तैयारी के लिए डेजी विशेष एक्शन ट्रेनिंग भी ले रही हैं। राष्ट्रीय स्तर की शूटर रह चुकीं अभिनेत्री अपने इसी अनुभव का उपयोग फिल्म के एक्शन दृश्यों में कर रही हैं। जुलाई से शुरू होने वाली इस फिल्म की शूटिंग को लेकर निर्देशक इम्तियाज भट्ट भी उत्साहित हैं। कश्मीर में पले-बढ़े भट्ट का कहना है कि वह दर्शकों तक उन सच्ची कहानियों की भावनात्मक और मानवीय ताकत पहुंचाना चाहते हैं, जिन्हें अक्सर दुनिया नहीं देख पाती। वहीं डेजी को उम्मीद है कि उनका अभिनय इन बहादुर सुरक्षाकर्मियों की कहानियों को पूरी ईमानदारी और सम्मान के साथ दर्शकों तक पहुंचाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *