
नर्मदापुरम ! जनपद पंचायत नर्मदापुरम अंतर्गत ग्राम पंचायत रेसलपुर ने ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। सामान्यतः विकास कार्यों के लिए शासकीय अनुदान एवं बजट पर निर्भर रहने वाली पंचायतों के विपरीत रेसलपुर पंचायत ने अपनी स्वयं की आय एवं टैक्स वसूली की राशि का सदुपयोग कर गांव को नई पहचान दिलाई है। पंचायत द्वारा ग्रामीणों के सहयोग एवं प्रभावी टैक्स वसूली से प्राप्त राशि से गांव में भव्य स्वागत द्वार, राहगीरों एवं ग्रामीणों की सुविधा हेतु आधुनिक विश्राम भवन का निर्माण कराया गया है। साथ ही पंचायत क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्य कर हरियाली को भी बढ़ावा दिया गया है।
ग्राम पंचायत की इस उपलब्धि के पीछे सरपंच श्रीमती मालती झाल्या, सचिव श्री सुरेंद्र सिंह चौहान एवं ग्राम रोजगार सहायक श्री देवेंद्र केवट की कुशल कार्यप्रणाली एवं दूरदर्शी सोच को प्रमुख कारण माना जा रहा है। इनके समन्वित प्रयासों से पंचायत में शत-प्रतिशत टैक्स वसूली सुनिश्चित हुई तथा प्राप्त राशि का पारदर्शी तरीके से जनहित के कार्यों में उपयोग किया गया। ग्रामीणों ने पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब टैक्स की राशि गांव के विकास एवं सौंदर्यीकरण में उपयोग होती दिखाई देती है, तो लोगों में भी समय पर टैक्स जमा करने की जागरूकता एवं जिम्मेदारी बढ़ती है। भव्य स्वागत द्वार, विश्राम भवन एवं हरियाली के कारण अब रेसलपुर क्षेत्र की सुंदर एवं व्यवस्थित पंचायतों में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। ग्राम पंचायत रेसलपुर की यह पहल अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही है, जहां स्थानीय संसाधनों एवं जनसहभागिता के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जा सकती है।
