Saturday, May 23खबर जो असर करे |
Shadow

झांसी-ग्वालियर हाईवे पर नींबू से भरे ट्रक में भीषण आग, आधे घंटे में जलकर खाक; चालक ने कूदकर बचाई जान

दतिया! दतिया जिले के चिरूला थाना क्षेत्र अंतर्गत झांसी-ग्वालियर हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आरटीओ बैरियर के पास आंध्रप्रदेश से आगरा की ओर जा रहा नींबू से भरा एक ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब आधे घंटे के भीतर पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया। हादसे में चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार ट्रक चालक प्रशांत निवासी आंध्रप्रदेश नींबू से भरा ट्रक लेकर आगरा जा रहा था। ट्रक जैसे ही चिरूला थाना क्षेत्र स्थित आरटीओ बैरियर के पास पहुंचा, तभी अचानक वाहन की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से धुआं उठने लगा। चालक ने स्थिति भांपते हुए तत्काल ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया।

बताया जा रहा है कि कुछ ही क्षणों में ट्रक के केबिन से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग पूरे वाहन में फैल गई। ट्रक में बड़ी मात्रा में नींबू भरे होने के कारण आग तेजी से पीछे के हिस्से तक पहुंच गई और कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।

घटना के दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जलते ट्रक को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। आग की ऊंची लपटें और दूर तक उठता धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और लगभग 30 मिनट के भीतर ट्रक पूरी तरह जल गया। हादसे में ट्रक और उसमें भरा नींबू का पूरा माल नष्ट हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि कुछ समय के लिए झांसी-ग्वालियर हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की और स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात बहाल कराया।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रक रोककर बाहर निकलने का फैसला लिया, अन्यथा यह हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *