जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के शोभापुर इलाके में घर के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पड़ोसी परिवार के लोगों ने पति-पत्नी और उनकी बेटी पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुराना शोभापुर निवासी 49 वर्षीय मोहम्मद खालिक व्हीकल फैक्ट्री में निजी वाहन चालक हैं। देर रात पड़ोसी शरीफ खान और उनके बेटे सुल्तान खान ने अपनी मोटरसाइकिल खालिक के घर के सामने खड़ी कर दी। इस पर खालिक ने आपत्ति जताते हुए वाहन हटाने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शरीफ खान लाठी लेकर पहुंचे और मोहम्मद खालिक पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी शहनाज बी और बेटी सोनम पर भी सुल्तान खान तथा परिवार की महिला सदस्य लुभना ने हमला कर दिया। मारपीट में तीनों के सिर, हाथ, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल रांझी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल विक्टोरिया रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। रांझी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद शोभापुर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।
