Monday, August 31खबर जो असर करे |
Shadow

फीफा विश्व कप 2030 तक ब्राजील के कोच बने रहेंगे कार्लो एंसेलोटी

ब्राजील फुटबॉल टीम के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी

साओ पाउलो, 08 मई (हि.स.)। ब्राजील फुटबॉल टीम के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी को 2030 फीफा विश्व कप तक पद पर बनाए रखने की तैयारी पूरी हो चुकी है। ब्राजील फुटबॉल महासंघ (सीबीएफ) ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

इटली के दिग्गज कोच कार्लो एंसेलोटी ने पिछले वर्ष ब्राजील टीम की कमान संभाली थी। उनके मार्गदर्शन में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील ने 2026 फीफा विश्व कप के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया, जिसकी मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको संयुक्त रूप से करेंगे। 66 वर्षीय एंसेलोटी इससे पहले रियल मैड्रिड, एसी मिलान और चेल्सी जैसे बड़े क्लबों को कोचिंग दे चुके हैं। उनके मौजूदा अनुबंध को बढ़ाने को लेकर पिछले कई महीनों से सीबीएफ के साथ बातचीत चल रही थी।

सीबीएफ अध्यक्ष समीर शाउद ने फोर्टालेजा में आयोजित फुटप्रो एक्सपो सम्मेलन में कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि विश्व कप से पहले एंसेलोटी के नए अनुबंध की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।” उन्होंने बताया कि सीबीएफ और एंसेलोटी के कानूनी सलाहकार नए अनुबंध की शर्तों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

एंसेलोटी भी कई बार यह संकेत दे चुके हैं कि वह 2026 विश्व कप के बाद भी ब्राजील टीम के साथ बने रहना चाहते हैं। ब्राजील कोच 18 मई को रियो डी जनेरियो में विश्व कप के लिए अपनी अंतिम टीम की घोषणा करेंगे। इसके बाद ब्राजील टीम 31 मई को माराकाना स्टेडियम में पनामा के खिलाफ विदाई मुकाबला खेलेगी।

विश्व कप के दौरान ब्राजील टीम न्यू जर्सी में अपना बेस कैंप बनाएगी। ग्रुप-सी में उसका मुकाबला मोरक्को, स्कॉटलैंड और हैती से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *