Monday, May 4खबर जो असर करे |
Shadow

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बड़ी बढ़त, एग्जिट पोल के अनुमान होते दिखे सही

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। ताजा रुझानों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ती नजर आ रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस को इस बार बड़ा झटका लगता दिख रहा है।

खबर लिखे जाने तक बीजेपी करीब 192 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि टीएमसी लगभग 96 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी। अन्य दलों के खाते में करीब 5 सीटें जाती दिख रही हैं। अगर ये रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं, तो राज्य की सत्ता में बड़ा बदलाव संभव है।

इन चुनावों में एग्जिट पोल भी चर्चा में हैं, खासकर प्रजा पोल का अनुमान काफी हद तक सटीक साबित होता नजर आ रहा है। प्रजा पोल ने अपने एग्जिट पोल में बीजेपी को 178 से 208 सीटें मिलने का अनुमान जताया था, जबकि टीएमसी को 85 से 110 सीटों के बीच सीमित बताया था। मौजूदा रुझान इसी आकलन के करीब दिखाई दे रहे हैं।

वहीं, हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर पर भी मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। शुरुआती रुझानों में मुकाबला कांटे का रहा, लेकिन बाद में ममता बनर्जी बढ़त बनाती नजर आईं।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 12 राउंड की गिनती तक ममता बनर्जी को 44,729 वोट मिले, जबकि सुवेंदु अधिकारी को 37,545 वोट प्राप्त हुए। इस तरह ममता बनर्जी करीब 7,184 वोटों से आगे चल रही थीं।

फिलहाल रुझान साफ संकेत दे रहे हैं कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस बार बड़ा परिवर्तन संभव है, जहां बीजेपी ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ती दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *