नई दिल्ली। तमिलनाडु की राजनीति में इस बार चौंकाने वाला बदलाव देखने को मिल रहा है। करीब छह दशक से सत्ता पर काबिज रही DMK और AIADMK को तगड़ा झटका लगता नजर आ रहा है। ताजा रुझानों में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK बढ़त बनाए हुए है और सत्ता के बेहद करीब पहुंचती दिख रही है।
अब तक मिले संकेतों के मुताबिक TVK करीब 109 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है। अगर यही रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो यह तमिलनाडु की पारंपरिक राजनीति के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ साबित होगा।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी चर्चा के केंद्र में हैं। उन्होंने पहले ही दावा किया था कि अगर विजय अकेले चुनाव लड़ते हैं, तो उनकी पार्टी 118 सीटें जीत सकती है। अब जब रुझान उनके दावे के करीब पहुंचते दिख रहे हैं, तो उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रशांत किशोर ने फरवरी 2025 में TVK के साथ काम शुरू किया था, हालांकि जुलाई में बिहार चुनाव की व्यस्तताओं के चलते उन्होंने सलाहकार की भूमिका से दूरी बना ली थी। इसके बावजूद उन्होंने विजय को तमिलनाडु के लिए “नई उम्मीद” बताया था।
किशोर ने राजनीति में वंशवाद पर भी कटाक्ष करते हुए कहा था कि अगर केवल बड़े नामों के सहारे ही सफलता मिलती, तो सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गज देश को नहीं मिलते।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा था कि उन्हें तमिलनाडु का सबसे लोकप्रिय “बिहारी” बनना है, जिसके लिए उन्हें धोनी से मुकाबला करना होगा—जो चेन्नई सुपर किंग्स को जिताते हैं। साथ ही उन्होंने यह भरोसा भी जताया था कि विजय के नेतृत्व में TVK को जीत दिलाने में वह अपनी भूमिका निभाएंगे।
फिलहाल रुझान साफ संकेत दे रहे हैं कि तमिलनाडु की राजनीति में एक नया अध्याय लिखने की तैयारी हो चुकी है, जहां सिनेमा से निकला एक चेहरा अब सत्ता के शिखर तक पहुंचने के बेहद करीब है।
