
जलपाईगुड़ी, 11 अक्टूबर।
राजगंज थाना पुलिस ने 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 61 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान डालिम मोहम्मद, निवासी राजगंज थाना क्षेत्र, के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाबालिग लड़की कुछ समय से बीमार थी। शुक्रवार को जब उसे राजगंज ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, तो चिकित्सकों ने जांच में पाया कि वह गर्भवती है। इसके बाद लड़की ने अपने परिजनों को बताया कि कुछ महीने पहले आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
