Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 3 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद जब्त

इंफाल, 10 फरवरी | न्यूज़ एजेंसी

हिंसा प्रभावित मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने उग्रवाद, अवैध हथियारों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। अलग-अलग कार्रवाई में तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही हिंसा प्रभावित इलाके में फंसे दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

Manipur Police मुख्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के लमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत नोंगदम गांव और न्गारू चेंगजेल पहाड़ी इलाके से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया। बरामद सामग्री में एक .303 राइफल (मैगज़ीन सहित), दो 12 बोर सिंगल बैरल राइफल, चार 9 मिमी पिस्तौल (मैगज़ीन सहित) और तीन 36 नंबर हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

एक अन्य अभियान में इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थाना क्षेत्र के लिलोंग चाजिंग में हुए बम विस्फोट मामले की जांच के बाद केसीपी (अपुनबा) संगठन से जुड़े तीन सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान लैशराम बुलु सिंह (39), पुयामाचा डेविड (22) और निंगथौजम चलम्बा सिंह (29) के रूप में हुई है। इनके पास से एक मारुति जिप्सी वाहन, एक .45 पिस्तौल मैगज़ीन सहित 17 राउंड, तीन मोबाइल फोन, नकदी और पहचान से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने उखरुल जिले के लिटन थाना क्षेत्र में ट्रक खराब होने के कारण फंसे दो ड्राइवरों को सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सुरक्षित निकाला। दोनों को यिंगांगपोकपी थाना लाया गया, जिससे इलाके में किसी भी संभावित हिंसा को टाल दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज्य के संवेदनशील और दूरदराज इलाकों में सर्च ऑपरेशन और एरिया डोमिनेशन अभियान जारी हैं। बीते दिन पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों में कुल 115 नाके और चेकपॉइंट लगाए गए, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कर रही 306 गाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई।