Thursday, March 5खबर जो असर करे |
Shadow

वैश्विक बाजारों से मजबूती के संकेत, एशियाई शेयर बाजारों में दिखी व्यापक तेजी

नई दिल्ली, 10 फरवरी | न्यूज़ एजेंसी

ग्लोबल मार्केट से आज सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं, जिसका असर एशियाई बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। अमेरिकी शेयर बाजारों में पिछले सत्र के दौरान लगातार दूसरे दिन खरीदारी का माहौल बना रहा, जबकि एशिया के अधिकांश बाजार मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं।

अमेरिकी बाजारों में एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.47 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,964.81 अंक पर बंद हुआ, जबकि नैस्डेक में 0.97 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई और यह 23,255.39 अंक पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज शुरुआती कारोबार में 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 50,173.76 अंक के आसपास कारोबार करता नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजारों में भी पिछले सत्र के दौरान मजबूती का रुख बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,386.23 अंक पर बंद हुआ। फ्रांस का सीएसी इंडेक्स 0.59 प्रतिशत उछलकर 8,323.28 अंक पर पहुंच गया, जबकि जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 1.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,014.87 अंक पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों की बात करें तो नौ प्रमुख बाजारों में से सात हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। हालांकि, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,954.82 अंक पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 4,122.34 अंक पर कारोबार कर रहा है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ 26,011.50 अंक पर पहुंच गया है। हैंग सेंग इंडेक्स में 0.53 प्रतिशत की तेजी देखी जा रही है, जबकि जापान का निक्केई इंडेक्स लगातार दूसरे दिन जोरदार उछाल के साथ 2.41 प्रतिशत चढ़कर 57,722 अंक पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा ताइवान वेटेड, जकार्ता कंपोजिट, सेट कंपोजिट और कोस्पी इंडेक्स भी मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं।