
शहडोल, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत मसिरा सर्किल में बीते 24 घंटों में दो बाघों (एक नर और एक मादा) के शव मिले हैं। जानकारी लगते ही वन विभाग ने क्षेत्र में घेराबंदी की और डॉग स्क्वाड के साथ जांच प्रारंभ की है। प्रारंभिक जांच के परिणामों के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत करंट लगने के कारण हुई हो सकती है।
वन विभाग के मुताबिक, रविवार की रात को जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र से करपा बीच सर्किल मसिरा के आरएफ 382 क्षेत्र में एक बाघ का शव मिलने की सूचना मिली। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच करने लगे और सोमवार की सुबह उसी क्षेत्र में एक बाघिन का शव भी बरामद किया गया। दोनों शव एक-दूसरे के नजदीक पाए जाने से यह पुष्टि होती है कि उनकी मौत एक ही घटना में हुई है।
विभाग ने कहा कि प्रारंभिक जांच और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर माना जा रहा है कि दोनों बाघों की मौत बिजली के करंट से हुई है। जांच में यह जानकारी सामने आई है कि एक किसान ने अपनी फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में अवैध तरीके से बिजली का तार बिछाया था, जिससे दोनों बाघों की जान गई।
क्षेत्र के डीएफओ तरुणा वर्मा ने बताया कि दोनों बाघों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही होगा। यह मामला वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत एक गंभीर अपराध है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि वन विभाग की डॉग स्क्वॉड टीम, फील्ड स्टाफ और अन्य विशेषज्ञ दल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। संबंधित किसान की भूमिका की जांच की जा रही है और यदि वह दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। वन विभाग का कहना है कि जल्द ही जांच पूरी कर मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा।
