
जांजगीर-चांपा, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। विकासखण्ड अकलतरा की ग्राम पंचायत चंदनियां के निवासी हेमंत सिंह के लिए पक्का मकान कभी एक सपना हुआ करता था। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण हेमंत सिंह खपरे और टीन की छत वाले कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे। आर्थिक अभाव के कारण न तो वे घर की मरम्मत करा पा रहे थे और न ही छप्पर या टीन बदलने की स्थिति में थे। बरसात के दिनों में उनका परिवार भारी कठिनाइयों का सामना करता था।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने उनके जीवन में आशा की नई किरण जगाई। वर्ष 2024-25 में शासन द्वारा उनका चयन कर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 1.20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में आबंटित की गई, जिससे उन्हें अपने पक्के मकान के निर्माण का अवसर प्राप्त हुआ। स्वीकृत राशि प्राप्त होने के पश्चात हितग्राही हेमंत सिंह द्वारा आवास निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया। आज वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित, मजबूत और पक्के मकान में सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर रहे हैं। इसके साथ ही वे उज्ज्वला योजना के अंतर्गत एलपीजी गैस कनेक्शन तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत जलवाहित शौचालय निर्माण का लाभ भी प्राप्त कर चुके हैं, जिससे उनके जीवनस्तर में सुधार हुआ है।
परिवार के सदस्य कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण जैसी योजनाएँ गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। यह योजना न केवल सिर पर छत देती है, बल्कि सम्मानजनक जीवन जीने का आत्मविश्वास भी प्रदान करती है। वे इसके लिए शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि इस योजना से उनके जैसे लाखों गरीबों का पक्का मकान का सपना साकार हो रहा है।
