Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

मध्य प्रदेश में कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा 10 फरवरी से, कक्षा 10वीं की परीक्षा 13 फरवरी से शुरू

भोपाल, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हायर सेकण्डरी (कक्षा 12वीं) की वार्षिक परीक्षा 10 फरवरी और हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) की वार्षिक परीक्षा 13 फरवरी से आरंभ हो रही हैं। मंडल ने इन दोनों बोर्ड परीक्षाओं के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी एसपी शुक्ल ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि हायर सेकण्डरी की परीक्षा 10 फरवरी से शुरू होकर 07 मार्च तक चलेगी, जबकि हाईस्कूल की परीक्षा 13 फरवरी से 6 मार्च तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा नियमित तथा स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिए प्रात: 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में प्रात: 8 बजे एवं परीक्षा कक्ष में प्रात: 8.30 बजे उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि परीक्षा कक्ष में प्रात: 8.45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 10 मिनट पूर्व अर्थात प्रात: 8.50 बजे उत्तर पुस्तिका एवं 5 मिनट पूर्व अर्थात प्रात: 8.55 बजे प्रश्न-पत्र दिए जाएंगे। प्रत्येक परीक्षार्थी का उपस्थिति पत्रक की फोटो से मिलान किया जाएगा। प्रवेश पत्र में भी फोटो लगाना अनिवार्य है। परीक्षार्थी यथा संभव पेयजल की बोतल स्वयं लेकर आएं।

मंडल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 12वीं के नियमित तथा स्वाध्यायी परीक्षार्थियों की परीक्षा का प्रथम प्रश्न पत्र मंगलवार, 10 फरवरी को होगा। इस दिन अंग्रेजी का प्रश्न पत्र होगा। शुक्रवार 13 फरवरी को एनिमल हस्बैण्डरी, मिल्क ट्रेड, पोल्ट्रीफार्मिंग एवं फिशरीज, विज्ञान के तत्व, भारतीय कला का इतिहास, अर्थशास्त्र तथा फिजिक्स का प्रश्न पत्र होगा। शनिवार 14 फरवरी को बायोटेक्नॉलाजी, गायन वादन एवं तबला पखावज का प्रश्नपत्र होगा। सोमवार 16 फरवरी को संस्कृत का प्रश्नपत्र तथा मंगलवार 17 फरवरी को ड्राइंग एण्ड डिजाइन का प्रश्न पत्र होगा।

इसी तरह कक्षा 10वीं के नियमित तथा स्वाध्यायी परीक्षार्थियों की परीक्षा का प्रथम प्रश्न पत्र शुक्रवार, 13 फरवरी को उर्दू विषय का होगा। शनिवार 14 फरवरी को नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क के समस्त विषयों तथा आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस का प्रश्न पत्र होगा। मंगलवार 17 फरवरी को अंग्रेजी का प्रश्न पत्र होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *