Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

अमेरिकी अदालत ने लियाम रामोस और उसके पिता को इमिग्रेशन हिरासत से रिहा करने का आदेश दिया

वाशिंगटन, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। अमेरिका की एक संघीय अदालत ने पांच वर्षीय लियाम कोनेजो रामोस और उनके पिता को तुरंत आप्रवासन (इमिग्रेशन) हिरासत से रिहा करने का आदेश दिया है। दोनों को टेक्सास के डिले में साउथ टेक्सास फैमिली रेजिडेंशियल सेंटर में रखा गया था। अदालत ने ट्रंप प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि दोनों को रिहा किया जाना चाहिए।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, लियाम और उनके पिता एड्रियन को इमिग्रेशन एजेंटों ने मिनियापोलिस के बर्फीले उपनगर से ले जाकर 1,300 मील दूर टेक्सास की एक डिटेंशन सुविधा केंद्र में भेज दिया था। यह केंद्र परिवारों को हिरासत में रखने के लिए बनाया गया है।

आदेश में कहा गया है कि प्री-स्कूल जाने वाले बच्चे और उसके पिता को मंगलवार तक रिहा कर दिया जाए। जज के कोर्टरूम डिप्टी और पीड़ित के वकीलों ने इसकी पुष्टि भी की है। अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज फ्रेड बियरी ने आदेश में आजादी की घोषणा नाम के एक अमेरिकी ऐतिहासिक दस्तावेज के बारे में सरकार की अज्ञानता पर फटकार लगाई। बियरी ने संभावित तानाशाह राजा के खिलाफ थॉमस जेफरसन की शिकायतों का हवाला देते हुए कहा कि आज लोग “उस इतिहास की गूंज सुन रहे हैं।”

जज ने अपनी राय के अंत में लियाम की तस्वीर के साथ बाइबिल के अंश मैथ्यू 19:14 और जॉन 11:35 का भी उल्लेख किया। बियरी ने बताया कि लियाम का मामला डिपोर्टेशन कोटा के लिए सरकार की गलत और खराब तरीके से लागू की गई कोशिश से शुरू हुआ। उन्होंने इसे अमानवीय बताया।

बियरी ने एडमिनिस्ट्रेटिव वारंट पर भी निशाना साधा, जिनका उपयोग अक्सर फेडरल इमिग्रेशन एजेंट गिरफ्तारी के लिए करते हैं। इस वारंट पर जज के हस्ताक्षर की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने इसे न्याय की कसौटी पर खरा नहीं बताया।

बियरी ने कहा कि लियाम और उसके पिता को इसके बावजूद डिपोर्टेशन का सामना करना पड़ सकता है, यह अमेरिका का अजीब इमिग्रेशन सिस्टम है। जज ने अपनी राय को बेंजामिन फ्रैंकलिन के 1787 के संवैधानिक सम्मेलन में दिए गए बयान “हमारे पास एक गणतंत्र है, आप इसे बनाए रख सकते हैं” को कोट करते हुए समाप्त किया।

रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में की गई गिरफ्तारियों में छोटे बच्चे भी फंस गए हैं। कोलंबिया हाइट्स पब्लिक स्कूल्स ने कहा कि लियाम अपने स्कूल डिस्ट्रिक्ट का चौथा बच्चा है जिसे इमिग्रेशन एजेंट ले गए हैं। पिछले सप्ताहांत एक छोटी बच्ची को भी इसी तरह हिरासत में लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *