Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

प्रधानमंत्री मोदी का आज पंजाब दौरा, आदमपुर हवाई अड्डे का नामकरण और हलवारा टर्मिनल उद्घाटन

नई दिल्ली, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पंजाब का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 3:45 बजे आदमपुर हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहाँ वे इस हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा आदमपुर‘ रखने की घोषणा करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री पंजाब के लुधियाना में हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी प्रधानमंत्री के दौरे के पूर्व संध्या पर आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आज के पंजाब दौरे का विवरण एक्स पर साझा किया है।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के पुण्य अवसर पर आदमपुर हवाई अड्डे का नामकरण पूजनीय संत और समाज सुधारक को श्रद्धांजलि है। संत रविदास की समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षा देश के सामाजिक मूल्यों को सदैव प्रेरित करती है।

पंजाब में विमानन अवसंरचना को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री मोदी हलवारा हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल भवन पंजाब के लिए एक नया प्रवेश द्वार स्थापित करेगा, जो लुधियाना और आसपास के औद्योगिक तथा कृषि क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करेगा। लुधियाना जिले में स्थित हलवारा में भारतीय वायु सेना का रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशन भी है।

अब तक लुधियाना में हवाई अड्डा का रनवे अपेक्षाकृत छोटा था, जो छोटे आकार के विमानों के लिए उपयुक्त था। कनेक्टिविटी में सुधार और बड़े विमानों को समायोजित करने के लिए हलवारा में नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है। इसका रनवे लंबा है और A-320 जैसे विमानों की आवाजाही के लिए सक्षम है।

प्रधानमंत्री के सतत और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप, टर्मिनल में कई हरित और ऊर्जा-दक्ष सुविधाएं शामिल हैं, जैसे कि एलईडी प्रकाश व्यवस्था, इन्सुलेटेड छत, वर्षा जल संचयन प्रणाली, सीवेज और जल शोधन संयंत्र, तथा भू-निर्माण के लिए पुनर्चक्रित जल का उपयोग। इसकी स्थापत्य डिजाइन पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है और यह यात्रियों को विशिष्ट और क्षेत्रीय रूप से प्रेरित यात्रा अनुभव प्रदान करती है।

भाजपा के एक्स हैंडल के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जालंधर भी जाएंगे, जहाँ वे शाम लगभग साढ़े चार बजे संत गुरु रविदास की जयंती पर जालंधर के डेरा सचखंड बल्ला में माथा टेकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *