Monday, March 9खबर जो असर करे |
Shadow

रविवार को बजट के लिए खुला शेयर बाजार, 26 साल में पहली बार सामान्य कारोबार

नई दिल्ली, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। आज रविवार है। रविवार के दिन आमतौर पर शेयर बाजार में छुट्टी होती है। लेकिन आज 26 साल बाद ऐसा अवसर आया है, जब रविवार को भी शेयर बाजार में आम कार्य दिवस की तरह पूरे दिन कारोबार होगा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) दोनों जगह सामान्य दिनों की तरह ही कारोबार होगा। संडे को स्टॉक मार्केट खुलने का कारण आज पेश होने वाला केंद्रीय बजट है।

केंद्र सरकार 1999 के बाद पहली बार आज रविवार को केंद्रीय बजट पेश करने जा रही है। दरअसल, 2017 से 01 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करने की परंपरा शुरू हुई थी। अंतरिम बजट को छोड़कर सभी केंद्रीय बजट 01 फरवरी को ही पेश किए जाते रहे हैं। इससे पहले 28 फरवरी 1999 को आखिरी बार केंद्र सरकार ने रविवार को केंद्रीय बजट पेश किया था, जब तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा ने बजट पेश किया था।

बजट का सीधा प्रभाव शेयर बाजार पर पड़ता है। सरकारी खर्च, टैक्स, मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, बैंकिंग और कैपिटल मार्केट से जुड़े बड़े ऐलान इसी दिन होते हैं। ऐसे में बजटीय प्रावधानों पर बाजार की त्वरित प्रतिक्रिया के लिए परंपरागत रूप से सामान्य ट्रेडिंग होती है। अगर बजट वाले दिन बाजार बंद रहता है, तो निवेशकों को बजटीय प्रावधानों पर अपनी प्रतिक्रिया जताने के लिए अगले ट्रेडिंग डे तक इंतजार करना पड़ेगा, जिससे बाजार की परिस्थितियों में बदलाव हो सकता है।

बीएसई और एनएसई ने अपने सर्कुलर के जरिए स्पष्ट किया है कि आज बजट पेश होने वाले दिन विशेष लाइव ट्रेडिंग सेशन होगा। हालांकि निवेशकों के लिए इसमें कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। ट्रेडिंग का तरीका और सभी नियम सामान्य दिनों की तरह रहेंगे। रविवार को भी बाजार की टाइमिंग बिल्कुल सामान्य रहेगी। सामान्य ट्रेडिंग सेशन सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक होगा। यानी निवेशक बजट भाषण के दौरान और उसके तुरंत बाद भी ट्रेड कर सकेंगे।

आमतौर पर बजट भाषण सुबह 11 बजे शुरू होता है। उसी समय बाजार में हलचल तेज हो जाती है। स्टॉक मार्केट के इस फैसले से निवेशकों को बड़ा फायदा होगा। बजट के ऐलान के साथ ही वे अपनी रणनीति बदल सकते हैं। कोई मुनाफा बुक कर सकता है, तो कोई नुकसान से बचने के कदम उठा सकता है। खासकर शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स के लिए यह दिन काफी महत्वपूर्ण हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *