Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

सीतारमण आज लोकसभा में पेश करेंगी केंद्रीय बजट 2026-27

नई दिल्ली, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण आज वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट (आम बजट) लोकसभा में पेश करेंगी। यह सीतारमण का लगातार नौंवां बजट होगा। बजट में विकास की गति बनाए रखने, राजकोषीय अनुशासन को बरकरार रखने और विनिर्माण क्षेत्र एवं रोजगार को बढ़ावा देने के उपायों की उम्मीद जताई जा रही है। इस बार खासतौर पर ऐसे उपायों पर ध्यान दिया जाएगा, जो अमेरिकी टैरिफ और वैश्विक व्यापारिक संघर्षों से अर्थव्यवस्था को सुरक्षित रख सकते हैं।

स्वतंत्रता के बाद यह पहली बार है कि आम बजट रविवार को पेश किया जाएगा। बजट ऐसी चुनौतियों के बीच पेश किया जा रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। घरेलू मांग में स्थिरता बनी हुई है और वैश्विक अनिश्चितता आगे की राह को धूमिल कर रही हैं।

इस बीच, एक महत्वपूर्ण बात यह है कि निर्मला सीतारमण लगातार नौ बार बजट पेश करने वाली देश की पहली वित्तमंत्री बन जाएंगी। हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री मोरारजी देसाई ने 10 बार और पी चिदंबरम ने नौ बार बजट पेश किया है, लेकिन उन्होंने अलग-अलग कार्यकाल में ऐसा किया है। इस प्रकार, यह पहली बार होगा जब कोई वित्तमंत्री लगातार नौवीं बार बजट पेश करेगा।

इस बार सभी की नजर बहु प्रतीक्षित सीमा शुल्क सुधारों पर है। सीतारमण ने 2019 में अपने पहले केंद्रीय बजट में दशकों से चले आ रहे चमड़े के ब्रीफकेस की जगह लाल कपड़े में लिपटे पारंपरिक ‘बही-खाता’ का अनुकरण किया था। पिछले चार वर्षों की तरह इस साल का बजट भी कागज रहित पेश किया जाएगा।

सीतारमण ऐसे समय में बजट पेश कर रही हैं, जब भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आगामी दो वर्षों में तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। वहीं, कई गंभीर आर्थिक चुनौतियां भी सरकार के सामने खड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *