
नई दिल्ली, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट को अपनी मंजूरी दे दी है। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी बैठक में मौजूद रहे। इस समय वित्त मंत्री लोकसभा में बजट भाषण दे रही हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में अपना रिकॉर्ड नौवां बजट पेश करने से पहले रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। परंपरा के अनुसार वित्त मंत्री संसद जाने से पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मिलीं। राष्ट्रपति मुर्मू ने उन्हें दही-चीनी खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति भवन जाने से पहले सीतारमण ने कर्तव्य भवन स्थित अपने कार्यालय के सामने अपने बजट दल के साथ तस्वीर खिंचवाई। ‘मैजेंटा’ रंग की रेशमी साड़ी पहने सीतारमण ने राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न वाले एक लाल ‘पाउच’ (थैले) में टैबलेट पकड़ा था। वित्त मंत्री के साथ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के सभी छह सचिव भी उपस्थित थे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2019 में स्थापित की गई अपनी परंपरा को जारी रखते हुए बजट भाषण को ‘बही-खाते’ में ले जाना जारी रखा है। ‘ब्रीफकेस’ की परंपरा को छोड़ने के बाद इसकी शुरुआत की गई थी।
वित्त मंत्री अपना लगातार नौवां बजट पेश करेंगी। इसमें विकास की गति को बनाए रखने, राजकोषीय मजबूती को बरकरार रखने और अमेरिकी शुल्क सहित वैश्विक व्यापारिक टकरावों से अर्थव्यवस्था को बचाने वाले सुधारों की घोषणा किए जाने की उम्मीद है।
