Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

भोपाल में छात्र का अपहरण, लूडो गेम पर विवाद के चलते मारपीट और वसूली, चार आरोपी गिरफ्तार

भोपाल, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ऑनलाइन लूडो गेम में पैसे नहीं देने के कारण एक छात्र का अपहरण, मारपीट और जबर्दस्ती वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने एमपी नगर क्षेत्र से छात्र को बलात कार में डालकर अगवा किया, फिर उसके साथ मारपीट की और डराने के बाद उससे हजारों रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवाए।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात शुक्रवार रात को एमपी नगर जोन-2 स्थित एक चाय-सुट्टा बार के बाहर हुई। 23 वर्षीय अभय चौहान, जो जहांगीराबाद का निवासी है और एक निजी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है, ने शनिवार को पुलिस को बताया कि वह अक्सर अपने दोस्तों के साथ उक्त बार में चाय पीने और लूडो खेलने जाता था। वहीं, उसके पूर्व परिचित अमन सोनी, रोहित अहिरवार, मुन्ना वारिस, और लक्की के साथ लूडो खेलता था।

शुक्रवार की रात को चाय सुट्‌टा बार के बाहर खेलते समय वह 1500 रुपये हार गया। जब समय पर पैसा नहीं दे सका तो आरोपियों ने उसे उसी स्थान से कार में उठाकर कोलार ले गए, जहाँ उसके साथ मारपीट की और विभिन्न क्यूआर कोड में 11,128 रुपये डालवा लिए। रकम वसूलने के बाद आरोपी उसे वापस उसी स्थान पर छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी और पीड़ित सभी छात्र हैं और एक-दूसरे को पहले से जानते थे। एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ अपहरण, मारपीट और जबरन वसूली के तहत मामला दर्ज किया गया है। वारदात में उपयोग की गई कार को भी जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया है। आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *