
कटनी, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कूठला थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर को कटनी से दमोह जा रही एक यात्री बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटेरा ग्राम के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे ट्रक ने अनियंत्रित होकर बस के पिछले हिस्से को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे लहराई, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन पर नियंत्रण बनाए रखा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे। अचानक हुई टक्कर से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ यात्रियों को हल्की खरोंचें आईं, जिनका मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही कूठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को सुचारु किया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। आसपास के ग्रामीणों ने भी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में सहयोग किया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
