Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

पश्चिम बंगाल पुलिस में बड़े पैमाने पर फेरबदल, कोलकाता समेत कई जिलों में तबादले

कोलकाता, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। पश्चिम बंगाल पुलिस में एक बार फिर बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। राज्य सचिवालय नबान्न ने कोलकाता समेत राज्य पुलिस के विभिन्न पदों पर तैनात कुल 27 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में मुर्शिदाबाद जिले के पुलिस अधीक्षक की पदावनति पर सबसे अधिक चर्चा हो रही है।

हाल में हुई बेलडांगा हिंसा के मद्देनजर मुर्शिदाबाद के एसपी सनी राज को उनके पद से हटा दिया गया है और उनकी जगह धृतिमान सरकार को नए एसपी के रूप में नियुक्त किया गया है। धृतिमान सरकार इसे पूर्व में झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर जैसे जिलों में अपनी सख्त प्रशासनिक शैली के लिए जाने जाते हैं। सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल रूटीन प्रक्रिया का हिस्सा है। सनी राज को अब एसएस, इंटेलिजेंस ब्यूरो के पद पर भेजा गया है। खास बात यह है कि उसी दिन जांच एजेंसी एनआईए ने बेलडांगा हिंसा मामले की जांच शुरू की है।

इसी दिन पीयूष पांडे ने राज्य पुलिस के नए डीजी के रूप में कार्यभार संभाला है, जबकि सुप्रतिम सरकार को कोलकाता का पुलिस आयुक्त बनाया गया है।

इसके अलावा, विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में भी बदलाव किया गया है, जहां युवभारती में मेसीकांड की घटना के बाद निलंबित किए गए डीसी अनीश सरकार की जगह पुष्पा को नियुक्त किया गया है, जो पहले हावड़ा रेल पुलिस की एसपी थीं।

अन्य तबादलों में अमित पी जावलगी को बर्दवान रेंज से हटाकर बारासात रेंज का आईजी बनाया गया है, जबकि आलोक राजोरिया को बर्दवान भेजा गया है।

कोलकाता पुलिस में भी 24 घंटे के भीतर कई महत्वपूर्ण तबादले किए गए हैं। डीसी (दक्षिण) के पद पर दीपक सरकार की नियुक्ति की गई है। प्रियमब्रत राय को बारासात का एसपी बनाया गया है, और विदिशा कलिता दासगुप्ता को बनगांव का एसपी नियुक्त किया गया है। साथ ही, अन्य पदों पर भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

यह फेरबदल बेलडांगा हिंसा की घटना के क्रम में लगातार हो रहा है, जहाँ झारखंड में मुर्शिदाबाद के प्रवासी श्रमिक अलाउद्दीन शेख की मौत के बाद भारी बवाल हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *